You are currently viewing पंजाब में हैवानियत: बेसहारा बैल का मुंह बांधकर गंडासे से काट डाली रीढ़ की हड्डी, तड़प-तड़प कर हुई मौत; दो पर केस दर्ज

पंजाब में हैवानियत: बेसहारा बैल का मुंह बांधकर गंडासे से काट डाली रीढ़ की हड्डी, तड़प-तड़प कर हुई मौत; दो पर केस दर्ज

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां के गांव आसी कलां में कुछ लोगों ने एक बेजुबान और बेसहारा बैल पर धारदार गंडासे से बेहद क्रूर हमला कर दिया। हमला इतना भयानक था कि बैल की रीढ़ की हड्डी तक कट गई। खून से लथपथ बैल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि उसने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

मुंह बांधकर किया गया नृशंस हमला

पुलिस को दी गई शिकायत में चश्मदीद गज्जण सिंह ने बताया कि उनके गांव आसी कलां में एक बेसहारा बैल घूम रहा था। तभी गांव के ही रहने वाले धर्मेंद्र सिंह और हरनेक सिंह ने उसे घेर लिया। इन लोगों ने पहले रस्सियों से बैल का मुंह बुरी तरह बांध दिया ताकि वह चिल्ला न सके और फिर उसे बांधकर गंडासे (तेज धारदार हथियार) से उसकी पीठ पर ताबड़तोड़ वार किए। गज्जण सिंह ने जब बैल को खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिरा देखा तो शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी उसे बुरी तरह घायल कर चुके थे।

यूनिवर्सिटी अस्पताल में तोड़ा दम

घायल अवस्था में गांव के लोग बैल को तुरंत फिरोजपुर रोड स्थित गडवासू यूनिवर्सिटी (GADVASU) के वेटरनरी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन रीढ़ की हड्डी कटने और अधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान बैल की मौत हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, सबूत मिटाने का डर

थाना डेहलों की पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी धर्मेंद्र सिंह और हरनेक सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 और 3(5) (जानवरों के साथ क्रूरता, मारना या अपंग करना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन वे आरोपियों के घर के बाहर ही हैं, जिससे आशंका है कि वे सबूतों को खुर्द-बुर्द (नष्ट) कर सकते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

A helpless bull was tied up, its mouth was bound, and its spine was severed with a cleaver, causing it to die a slow and agonizing death.