
लुधियाना: औद्योगिक नगरी लुधियाना के हैबोवाल इलाके में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहाँ मामूली कहासुनी के बाद दोस्तों ने ही अपने एक 40 वर्षीय साथी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान फैक्ट्री कर्मचारी रिंकू के रूप में हुई है।
नानक नाम चढ़दी कला गुरुद्वारा साहिब के पास हुई इस खूनी वारदात में हमलावरों ने रिंकू का सिर बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 10:30 बजे की है। रिंकू अपने तीन-चार साथियों के साथ डेयरी कॉम्प्लेक्स के सामने एसवी एंटरप्राइज ठेके से शराब पी रहा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर जमकर बहस हो गई। यह बहस जल्द ही एक हिंसक झड़प में बदल गई और रिंकू के साथियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
इस जघन्य हत्याकांड से रिंकू के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के भाई दीपू ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके भाई का सिर बुरी तरह फोड़ दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

रिंकू अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है, जिसमें 17 साल की बेटी, 15 साल का बेटा और 8 साल की एक छोटी बेटी शामिल है। वारदात की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
सुबह जब परिजनों को वारदात की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी (SHO) मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुबह शव मिलने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस ने पुष्टि की कि यह हत्या शराब पीने के दौरान हुए झगड़े का परिणाम है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
View this post on Instagram


A factory worker was brutally murdered




