लुधियाना: पंजाब के लुधियाना जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां जगराओं इलाके में जमीन के लालच में एक कलयुगी भाई ने अपने ही सगे भाई की दर्दनाक तरीके से हत्या कर दी। हत्या को एक सड़क हादसे का रूप देने की साजिश रची गई थी, लेकिन मृतक ने अस्पताल में दम तोड़ने से पहले अपनी पत्नी को इस पूरी घटना की सच्चाई बता दी। इस वारदात के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
13 साल पुराना जमीन विवाद बना मौत की वजह
थाना हठूर के एएसआई सुल्खन सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान गांव मल्ला निवासी जसवीर सिंह के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी सुखवंत कौर ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया है कि साल 2011 से उनके पति का अपने सगे भाई (देवर) बलवीर सिंह के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। यह मामला लुधियाना की सिविल कोर्ट में भी विचाराधीन है। सुखवंत कौर के मुताबिक, बीते 7 मार्च को उनके पति जसवीर सिंह इसी केस की पेशी के लिए अपने स्कूटर से लुधियाना कोर्ट गए थे। हालांकि, वकीलों की हड़ताल के कारण उस दिन सुनवाई नहीं हो सकी, जिसके बाद वे अपना कुछ घरेलू काम निपटाकर वापस गांव लौट रहे थे।
मरने से पहले पत्नी को बता गया कातिल का नाम
दोपहर के समय परिवार वालों को अचानक जसवीर सिंह के एक्सीडेंट की खबर मिली। आनन-फानन में उन्हें गंभीर रूप से घायल अवस्था में जगराओं के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान जसवीर सिंह ने अपनी पत्नी को बताया कि जब वे स्कूटर से वापस लौट रहे थे, तो उनका भाई बलवीर सिंह लगातार उनका पीछा कर रहा था। उसी ने साजिशन किसी वाहन से उन्हें जानबूझकर टक्कर मरवाई है। इस जोरदार टक्कर के कारण उनका स्कूटर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे एक साइन बोर्ड से जा टकराया।
देवर पर हत्या का केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
अस्पताल में गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान जसवीर सिंह ने दम तोड़ दिया। सुखवंत कौर का सीधा आरोप है कि उनके देवर बलवीर सिंह ने पुरानी रंजिश और जमीन के लालच में ही उनके पति का एक्सीडेंट करवाकर उनकी हत्या की है। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी बलवीर सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे सनसनीखेज मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

A bloody game in Punjab! A man returning from court was run over by his own brother








