लुधियाना: लुधियाना जिले के कस्बा माछीवाड़ा साहिब में पुलिस थाने के ठीक बाहर दो गुटों के बीच हिंसक और खूनी झड़प हो गई। इस वारदात में एक निहंग सिख ने दूसरे पक्ष पर खुलेआम कृपाण से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस खौफनाक घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की सख्त धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और मौके से एक एयर पिस्टल भी बरामद की है।
एक नौकर के पीछे हुआ था विवाद
डीएसपी (DSP) तरलोचन सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरा विवाद अराक भट्टियां और तक्खरां गांव के दो गुटों के बीच था। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि झगड़े की असली जड़ एक नौकर है। यह नौकर पहले निहंग अरविंदर सिंह बिंदा के पास काम करता था, जिसे बाद में तक्खरां गांव के लोगों ने अपने फास्ट फूड के कारोबार में रख लिया था। इसी रंजिश के चलते बीते कल शाम एक पक्ष ने दूसरे के घर पर ईंट-पत्थर बरसाए थे। आज जब दोनों पक्ष थाने में अपनी-अपनी शिकायत दर्ज करवाने पहुंचे, तो थाने के बाहर ही अरविंदर सिंह बिंदा ने कृपाण निकाल ली और दूसरे पक्ष के मनदीप सिंह, जगरूप सिंह और नवजोत सिंह पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
मेडिकल के दौरान पुलिस टीम से भिड़े आरोपी
पुलिस ने मुख्य आरोपी अरविंदर सिंह बिंदा, अमनजोत और उनके अन्य साथियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस टीम आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जा रही थी, तब हालात और बिगड़ गए। आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। उनके इस हिंसक रवैये को देखते हुए पुलिस को मौके पर तुरंत भारी फोर्स बुलानी पड़ी। अब कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इन आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि किसी भी शरारती तत्व को शहर का माहौल बिगाड़ने और कानून हाथ में लेने की इजाजत बिल्कुल नहीं दी जाएगी।

A bloody clash outside a police station in Punjab, with a Nihang wielding a sword, injuring three; a dispute over a servant




