You are currently viewing लाडोवाल टोल प्लाजा पर दिनदहाड़े चोरी, चलती पिकअप से 7,600 रुपये का देसी घी ले उड़े बाइक सवार युवक, 12 सेकंड का चोरी को दिया अंजाम

लाडोवाल टोल प्लाजा पर दिनदहाड़े चोरी, चलती पिकअप से 7,600 रुपये का देसी घी ले उड़े बाइक सवार युवक, 12 सेकंड का चोरी को दिया अंजाम

लुधियाना: पंजाब के लुधियाना स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा पर दिनदहाड़े चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां बाइक पर सवार होकर आए दो बेखौफ युवकों ने टोल प्लाजा की लेन में चल रहे एक पिकअप वाहन यानी ‘छोटा हाथी’ से उत्तम देसी घी की पूरी पेटी उतार ली और मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना का 12 सेकंड का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों आरोपी युवक साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने बताया कि यह छोटा हाथी उनके रिश्तेदार का है और गाड़ी में उत्तम देसी घी का माल लुधियाना में मेट्रो के पास स्थित एक गोदाम से लोड किया गया था। यह माल पहले फगवाड़ा और उसके बाद जालंधर में सप्लाई होना था, लेकिन रास्ते में ही चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोरी हुई इस एक पेटी में करीब 10 से 15 किलो देसी घी था, जिसकी कीमत लगभग 7,600 रुपये बताई जा रही है।

नंबर प्लेट पर लगी थी लाल टेप, राहगीर के मोबाइल में कैद हुई चोरों की पूरी करतूत

मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की यह वारदात गुरुवार दोपहर की है। किसी राहगीर द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि लाडोवाल टोल प्लाजा की लेन में वाहनों की कतार लगी हुई है। इसी दौरान एक सफेद रंग के छोटा हाथी के ठीक पीछे स्प्लेंडर बाइक पर दो युवक आकर रुकते हैं, जिनकी बाइक की नंबर प्लेट पर पहचान छिपाने के लिए लाल रंग की टेप लगी हुई है। इसके बाद बाइक के पीछे बैठा युवक, जिसने भूरे रंग की टी-शर्ट और काली पैंट पहनी हुई है, बड़े आराम से नीचे उतरता है और चलते वाहन के पिछले हिस्से से पीले रंग की देसी घी की पेटी खींचकर उतार लेता है। इस दौरान काले रंग की फुल-स्लीव शर्ट और जींस पहने उसका दूसरा साथी बाइक स्टार्ट रखकर उसका इंतजार करता रहता है। पेटी उठाते ही युवक तुरंत बाइक पर बैठता है और दोनों टोल प्लाजा के बीच से भीड़ का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो जाते हैं।

फतेहाबाद गांव के रहने वाले हैं आरोपी, सरपंच ने दिया सामान वापस दिलाने का आश्वासन

वारदात के बाद पीड़ित पक्ष ने लाडोवाल पुलिस के पास पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस और पीड़ितों की शुरुआती छानबीन में यह बात सामने आई है कि चोरी करने वाले दोनों युवक हार्डीज वर्ल्ड के पीछे स्थित गांव फतेहाबाद के रहने वाले हैं। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, इस मामले में उनकी गांव के सरपंच से भी बात हुई है। सरपंच ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वे गांव आ जाएं, तो वे उनका चोरी हुआ सामान वापस दिलवा देंगे। फिलहाल लाडोवाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Theft in broad daylight at Ladowal Toll Plaza: Men on a motorcycle made off with desi ghee worth ₹7,600