लुधियाना: औद्योगिक नगरी लुधियाना के हलवारा स्थित एक श्मशान घाट से इंसानियत को झकझोर देने वाला और बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। यहां अंतिम संस्कार के महज कुछ घंटों बाद ही अज्ञात लोगों ने जलती चिता से शव को बाहर निकालकर उसके साथ तांत्रिक क्रिया और बेअदबी को अंजाम दिया। घटना का खुलासा तब हुआ, जब अगले दिन परिजन अस्थियां चुनने के लिए श्मशान घाट पहुंचे। चिता का भयावह दृश्य देखकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।
चिता से शव निकाल कर अलग किया सिर, मौके से मिली तांत्रिक सामग्री और शराब की बोतलें
मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के मुताबिक, अज्ञात शरारती तत्वों ने चिता से शव को निकालकर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और शव के एक हिस्से के पास किसी महिला की तस्वीर लगा दी। इतना ही नहीं, घटनास्थल पर एक खून से सनी गुड़िया भी बरामद हुई है, जिसके गले में लोहे की जंजीर बांधकर ताला लगाया गया था। इसके अलावा चिता के आसपास शराब की बोतलें, जलते हुए दीपक और सब्जी-रोटी भी पड़ी मिली है, जिससे पूरे मामले में काले जादू या तंत्र-मंत्र की आशंका जताई जा रही है।
12 नवंबर को की थी आत्महत्या, अगले दिन अस्थियां चुनने पर खुला राज
जानकारी के अनुसार, हलवारा निवासी 38 वर्षीय जगजीत सिंह ने बीती 12 नवंबर को जहरीली दवा निगलकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद परिवार ने सिख रीति-रिवाजों के अनुसार इंटरनेशनल एयरपोर्ट रोड स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया था। जब अगले दिन परिजन परंपरा के अनुसार फूल (अस्थियां) चुनने के लिए श्मशान घाट पहुंचे, तो चिता की हालत और वहां बिखरी संदिग्ध सामग्री देखकर सन्न रह गए।
सरपंच के साथ थाने पहुंचे परिजन, फोटो स्टूडियो के लिफाफे से खुलेगा राज
इस जघन्य हरकत से आहत परिजनों ने गांव के सरपंच सुखविंदर सिंह को साथ लेकर थाना सुधार में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारियों को घटनास्थल से एक फोटो स्टूडियो का लिफाफा भी मिला है, जिसे पुलिस इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए एक बेहद अहम सुराग मान रही है और इसी के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।




Punjab: Body removed from funeral pyre just hours after cremation; head severed from torso, with a photograph




