लुधियाना: लुधियाना में प्रेम विवाह की आड़ में धार्मिक पहचान छुपाने, जबरन धर्म परिवर्तन कराने और दहेज उत्पीड़न का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को जटसिख बताकर हिंदू युवती से पहले मंदिर में शादी रचाई गई, लेकिन ससुराल की चौखट पर कदम रखते ही युवती पर जुल्मों का पहाड़ टूट पड़ा। ससुर ने शादी को नकारते हुए युवती को छत पर बने स्विमिंग पूल में जबरन डुबकी लगवाकर ईसाई धर्म अपनाने पर मजबूर कर दिया। इतना ही नहीं, पीड़िता ने पति पर दूसरी गर्लफ्रेंड का नाम छाती पर गुदवाने, 10 लाख रुपये का दहेज मांगने और बेरहमी से मारपीट करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाइक राइडिंग से शुरू हुई थी लव स्टोरी, खुद को बताया था जटसिख
पीड़िता कृतिका वर्मा और आरोपी करणवीर दोनों बाइकर्स हैं। दोनों के पास अपनी-अपनी स्पोर्ट्स बाइक थी और राइडिंग ग्रुप के दौरान ही दोनों की जान-पहचान हुई थी। कृतिका एक नामी एप्पल स्टोर में काम करती थी, जहां करणवीर लगातार चक्कर काटने लगा और उसने प्यार का इजहार कर दिया। पीड़िता के पिता विपन कुमार वर्मा के अनुसार, करणवीर ने खुद का पूरा नाम ‘करणवीर सिंह सिद्धू’ बताया था और दावा किया था कि वह जटसिख परिवार से ताल्लुक रखता है। लड़की के परिवार ने लड़के पर भरोसा किया और परिजनों की सहमति से दोनों का रिश्ता तय हो गया।
मंदिर में फेरों के बाद ससुराल पहुंचते ही खुला राज, घर में बना रखा था चर्च
पिता विपन कुमार ने बताया कि 2 सितंबर 2026 को लुधियाना के संत विहार स्थित शनि शिव मंदिर में पूरे हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी हुई। शादी में लड़के के माता-पिता नानी की मौत का बहाना बनाकर शामिल नहीं हुए, केवल उसका बड़ा भाई पहुंचा था। विदाई के बाद जब कृतिका ससुराल पहुंची तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के निचले हिस्से में एक बड़ा हॉल बना हुआ था, जिसे चर्च का रूप दिया गया था। तब खुलासा हुआ कि आरोपी परिवार पहले ही धर्म बदलकर ईसाई बन चुका था और उन्होंने असलियत छुपाकर धोखे से हिंदू रीति से शादी की थी।
स्विमिंग पूल में जबरन बपतिस्मा, लज्जा भंग कर बनाया वीडियो
ससुराल पहुंचते ही ससुर ने साफ कह दिया कि वे इस शादी को नहीं मानते और जब तक कृतिका ईसाई धर्म कबूल नहीं करती, उसे बहू स्वीकार नहीं किया जाएगा। शादी टूटने के डर से सहमी लड़की को तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में ले जाया गया। वहां पानी में जबरन डुबकियां लगवाकर धर्म परिवर्तन की रस्म कराई गई। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ अश्लील हरकतें कर लज्जा भंग की गई, वीडियो बनाया गया और हिंदू देवी-देवताओं पर बेहद अभद्र व अपमानजनक टिप्पणियां की गईं। इसके बाद अगले दिन ईसाई रीति-रिवाजों से दोबारा शादी करवाई गई।
छाती पर गर्लफ्रेंड ‘नन्नू’ का टैटू और ₹10 लाख दहेज के लिए प्रताड़ना
शादी के बाद जब कृतिका बेडरूम में गई, तो उसने देखा कि पति की छाती पर उसकी दूसरी गर्लफ्रेंड “नन्नू” के नाम का टैटू और पहली मुलाकात की तारीख “16.10.2021” गुदी हुई थी। पति ने साफ कह दिया कि वह उससे प्यार नहीं करता। इसके बाद ससुराल वालों ने 10 लाख रुपये कैश और दहेज की मांग को लेकर कृतिका को प्रताड़ित करना और पीटना शुरू कर दिया। बाद में उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह हैबोवाल इलाके में किराए का कमरा लेकर रहने लगी, जहां भी आरोपी पति आकर मारपीट करता था। पिता का यह भी आरोप है कि ससुरालियों ने हिंदू लड़की का धर्मांतरण दिखाकर मिशनरी से मोटी रकम ऐंठी है। पुलिस ने पीड़िता व उसके पिता के बयानों के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।


A sinister plot following a love marriage: a man posed as a Jat Sikh to get married, had a church set up inside his home




