अमृतसर: अमृतसर ग्रामीण इलाके से निहंग सिंहों द्वारा कानून हाथ में लेकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा करीब 20 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो निहंग युवक के दोनों हाथ मजबूती से पकड़े हुए हैं, जबकि तीसरा निहंग उस पर ताबड़तोड़ डंडे बरसा रहा है। यह वीडियो दशमेश तरना दल से जुड़े निहंग बाबा गुरदीप सिंह के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज से साझा किया गया है।
चीखता रहा युवक, डंडे और थप्पड़ बरसाते रहे निहंग
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो निहंगों ने लाचार युवक की दोनों बाहें जकड़ रखी हैं ताकि वह भाग न सके। इसी दौरान एक अन्य निहंग भारी डंडे से युवक पर जोरदार प्रहार करता है, जिससे युवक दर्द से कराह उठता है और उसकी चीखें निकल जाती हैं। इसके बाद दोनों तरफ से हाथ पकड़े खड़े निहंग भी युवक के चेहरे पर थप्पड़ जड़ते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
नशा बेचने की गुप्त सूचना मिलने पर कार्रवाई का दावा
वीडियो को लेकर बाबा गुरदीप सिंह ने दावा किया है कि उन्हें स्थानीय स्तर पर इनपुट मिला था कि उक्त युवक इलाके में नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। उनके मुताबिक, अमृतसर के ही एक गांव के निवासी ने उन्हें गुप्त रूप से इस बारे में जानकारी दी थी। बाबा गुरदीप सिंह का कहना है कि इसी गुप्त सूचना के आधार पर उन्होंने और उनके साथी निहंगों ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ा और उसके खिलाफ यह कार्रवाई की।
4 अक्टूबर को अपलोड किया वीडियो, गांव का नाम बताने से इनकार
बाबा गुरदीप सिंह ने स्वीकार किया कि यह घटना अमृतसर जिले के ही एक गांव की है और उन्होंने 4 अक्टूबर को खुद यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। हालांकि, जब उनसे घटना स्थल और संबंधित गांव का नाम पूछा गया, तो उन्होंने कोई भी जानकारी साझा करने से साफ इनकार कर दिया। उनका तर्क है कि लोग उन्हें गुप्त रूप से नशा तस्करों की सूचनाएं देते हैं, इसलिए मुखबिरों की सुरक्षा और पहचान को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। वहीं, बिना कानूनी प्रक्रिया के इस तरह सरेआम पिटाई किए जाने के मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से जांच और कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।


Youth kept screaming while Nihangs rained down blows with sticks and slaps




