You are currently viewing अमृतसर में ASI सुखचैन पर हमले की जिम्मेदारी TTH ने ली, ‘ऑपरेशन नूर’ का दिया नाम; जांच एजेंसियां अलर्ट

अमृतसर में ASI सुखचैन पर हमले की जिम्मेदारी TTH ने ली, ‘ऑपरेशन नूर’ का दिया नाम; जांच एजेंसियां अलर्ट

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सुखचैन सिंह पर हुए जानलेवा हमले को लेकर एक सनसनीखेज दावा सामने आया है। ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) नामक एक कथित संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। संगठन की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में इस हमले को उनके कथित ‘ऑपरेशन नूर’ के तहत अंजाम दी गई कार्रवाई बताया गया है। इसके साथ ही भारतीय पुलिसकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों को भविष्य में भी निशाना बनाने की खुली धमकी दी गई है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।

सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों को पहचानने का दावा
कथित प्रेस रिलीज में भारतीय पुलिस तंत्र को सीधे तौर पर धमकाते हुए दावा किया गया है कि पुलिसकर्मी चाहे खाकी वर्दी में हों या सिविल (सादे) कपड़ों में, संगठन के पास उनकी पूरी जानकारी है और उन्हें आसानी से पहचाना जा सकता है। संगठन ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि वर्दी न पहनने पर भी सुरक्षाकर्मी उनके निशाने से बच नहीं पाएंगे।

हमले का वीडियो जारी करने की बात, दावों की पड़ताल में जुटीं एजेंसियां
जारी बयान में धमकी दी गई है कि आने वाले दिनों में पुलिसकर्मियों को एक-एक कर इसी तरह निशाना बनाया जाएगा। इसके अलावा, संगठन ने यह भी दावा किया है कि अमृतसर में एएसआई पर किए गए हमले का वीडियो फुटेज जल्द ही जारी किया जाएगा।

सुरक्षा विशेषज्ञ और खुफिया एजेंसियां इस पत्र और संगठन के अस्तित्व की तकनीकी व जमीनी स्तर पर पड़ताल कर रही हैं। पंजाब पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह किसी सीमा पार प्रायोजित आतंकी मॉड्यूल की साजिश है या फिर दहशत फैलाने के मकसद से किसी शरारती तत्व द्वारा जारी किया गया पत्र है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन तफ्तीश जारी है और आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

TTH claims responsibility for the attack on ASI Sukhchain in Amritsar, dubs it ‘Operation Noor’