मोहाली: मशहूर पंजाबी गायक गुरविंदर सिंह उर्फ गुरी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने वाली लेडी ब्लॉगर और बिजनेस वुमन ने अब एक वीडियो जारी कर अपनी चुप्पी तोड़ी है। सोशल मीडिया पर खुद के खिलाफ चल रहे आरोपों और ट्रोलिंग को लेकर उन्होंने खुलकर सफाई दी है। पीड़िता का कहना है कि उनकी छवि को धूमिल करने के लिए सुनियोजित तरीके से सोशल मीडिया पर झूठा और भ्रामक प्रचार किया जा रहा है।
‘ब्लैकमेलिंग और 5 शादियों की बातें पूरी तरह झूठी’
वीडियो में ब्लॉगर ने सोशल मीडिया पर खुद को ‘ब्लैकमेलर’ बताए जाने और 20 लाख रुपये ऐंठने के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा पांच अलग-अलग रेप केस दर्ज कराने और 5 करोड़ रुपये वसूलने की बातें पूरी तरह बेबुनियाद और मनगढ़ंत हैं। इसके अलावा पांच शादियां करने जैसे दावों को भी उन्होंने झूठा बताते हुए कहा कि यह सब कुछ उनके चरित्र हनन और मुख्य मामले से ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है।
‘सिंगर के फोन में मिलीं 180 लड़कियों की तस्वीरें, कई युवतियों को किया ब्लैकमेल’
ब्लॉगर ने गायक गुरी पर कई लड़कियों की जिंदगी से खिलवाड़ करने और उन्हें ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि आरोपी के फोन से करीब 180 लड़कियों की तस्वीरें और आपत्तिजनक डाटा रिकवर हुआ है। पीड़िता ने कहा कि आरोपी आदतन लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि केस दर्ज कराने के बाद से उनके बिजनेस नंबर पर लगातार अश्लील कॉल्स और आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर भद्दे कमेंट्स की बाढ़ आ गई है।
दो दिन तक बंधक बनाए जाने और पुराने विवादों का किया जिक्र
अपनी आपबीती सुनाते हुए ब्लॉगर ने साल 2019 के एक पुराने मामले, अपने शरीर पर लगी गंभीर चोटों और दो दिनों तक बंधक बनाकर रखे जाने की खौफनाक दास्तान भी साझा की। उन्होंने भारी मन से कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही झूठी और फर्जी कहानियों का सीधा असर उनकी निजी जिंदगी, मानसिक स्वास्थ्य और बिजनेस पर पड़ रहा है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ नफरत और अफवाह फैलाने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


Blogger who filed rape case against Punjabi singer breaks silence; denies blackmail allegations




