तरनतारन: पंजाब की महिलाओं और बेटियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मान सरकार आज एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। तरनतारन जिले के ऐतिहासिक कस्बे गोइंदवाल साहिब की दाना मंडी में आज दोपहर 12 बजे ‘मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना’ के तहत विशाल राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और उनके साथ कैबिनेट के कई वरिष्ठ मंत्री तथा प्रशासनिक हस्तियां भी मौजूद रहेंगी। इस राज्य स्तरीय मंच से मुख्यमंत्री पात्र महिलाओं और बेटियों के बैंक खातों में आर्थिक सहायता की अगली किस्त सीधे ट्रांसफर करेंगे।
गोइंदवाल साहिब में भव्य आयोजन, CM भगवंत मान लाभार्थियों से करेंगे सीधा संवाद
गोइंदवाल साहिब की दाना मंडी में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस तंत्र ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस दौरान योजना की प्रगति का ब्योरा साझा करेंगे और राज्य भर से जुटी लाभार्थी महिलाओं व बेटियों से सीधा संवाद भी करेंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह ₹1,000 और अनुसूचित जाति (SC/ST) वर्ग की महिलाओं को प्रतिमाह ₹1,500 की सीधी वित्तीय मदद दी जाती है, जिससे वे अपनी छोटी-मोटी जरूरतों के लिए किसी पर निर्भर न रहें।
18 वर्ष से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को फायदा, परिवार में कोई सीमा नहीं
‘मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना’ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र की सभी पात्र महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। सरकार ने एक परिवार के भीतर पात्र महिलाओं की संख्या को लेकर कोई बंदिश या सीमा तय नहीं की है, यानी एक ही घर की सभी बालिग महिलाएं इस आर्थिक सहायता की हकदार हैं। सभी लाभार्थियों को यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी जाती है। इससे पहले योजना की शुरुआत करते हुए जुलाई 2026 में तीन महीने की राशि एकमुश्त जारी की गई थी, जिसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹3,000 और अनुसूचित जाति की महिलाओं को ₹4,500 का लाभ मिला था।
₹9,300 करोड़ का भारी-भरकम बजट, राज्य की 97 फीसदी महिलाएं होंगी लाभान्वित
पंजाब सरकार ने अपने वित्तीय वर्ष 2026-27 के वार्षिक बजट में इस योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए ₹9,300 करोड़ का विशाल वित्तीय प्रावधान किया है। सरकार का स्पष्ट अनुमान और लक्ष्य है कि प्रदेश की लगभग 97 प्रतिशत पात्र महिलाओं को इस सामाजिक सुरक्षा योजना के दायरे में लाया जाए। आज गोइंदवाल साहिब से जारी होने वाली इस ताजा किस्त से प्रदेश की लाखों महिलाओं को त्योहारी सीजन से ठीक पहले बड़ी आर्थिक राहत मिलने जा रही है।


Money will once again be deposited into the accounts of women in Punjab today




