You are currently viewing जालंधर में कल सुबह 9 से शाम 5 बजे तक पूर्ण बंद का ऐलान, ये सेवाएं पूरी तरह रहेंगी चालू

जालंधर में कल सुबह 9 से शाम 5 बजे तक पूर्ण बंद का ऐलान, ये सेवाएं पूरी तरह रहेंगी चालू

जालंधर: संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में वाल्मीकि समाज और दलित संगठनों ने कल जालंधर में पूर्ण बंद का ऐलान कर दिया है। भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीव गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने संयुक्त रूप से गुरुवार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक शहर को पूरी तरह बंद रखने का आह्वान किया है। हालांकि, आम लोगों की सहूलियत को देखते हुए स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और मेडिकल स्टोर जैसी सभी आपातकालीन सेवाओं को इस बंद से मुक्त रखा गया है। इससे पहले बुधवार को लुधियाना में प्रदर्शनकारियों ने जालंधर बाईपास चौक के पास दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे (NH-44) पर करीब साढ़े 5 घंटे तक चक्का जाम कर दिया, जिससे पंजाब भर में भारी तनाव फैल गया।

अमृतसर से दिल्ली तक थमे पहिए, स्कूल बसें भी फंसीं

लुधियाना में सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर साढ़े 3 बजे तक हाईवे जाम रहने से अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, अंबाला, करनाल और पानीपत रूट का पूरा ट्रैफिक बुरी तरह लड़खड़ा गया। दोपहर में जब स्कूलों की छुट्टी हुई, तो स्कूली बसें और मासूम बच्चे भी घंटों धूप में जाम में फंसे रहे। वाहनों की लंबी कतारें देखकर परेशान लोगों को बीच रास्ते से डिवाइडर कूदकर और रॉन्ग साइड से गाड़ियां मोड़कर लौटना पड़ा। शहर में बाजार खुले रहने पर प्रदर्शनकारियों ने कई इलाकों में जाकर दुकानें बंद कराने की भी कोशिश की।

पुलिस ने की बैरिकेडिंग, ADCP के आश्वासन के बाद खुला हाईवे

जालंधर बाईपास चौक पर भारी भीड़ और माहौल में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने चौक की ओर जाने वाले सभी रास्ते बैरिकेड लगाकर बंद कर दिए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एडीसीपी समीर वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों द्वारा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का सख्त आश्वासन दिए जाने के बाद दोपहर साढ़े 3 बजे प्रदर्शनकारियों ने हाईवे खाली किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

A complete shutdown has been announced in Jalandhar for tomorrow from 9 AM to 5 PM