फिरोजपुर: पंजाब के सीमावर्ती इलाकों के परिवारों के लिए विदेश जाकर बेहतर जिंदगी संवारने का सपना अब खौफनाक दुस्वप्न बनता जा रहा है। सुनहरे भविष्य की तलाश में सात समंदर पार गए नौजवानों की लगातार हो रही मौतों ने कई घरों के चिराग बुझा दिए हैं। हालात यह हैं कि कई परिवार अपनों के खोने के गम के साथ-साथ उनके पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने के लिए भी दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
जमीनें बेचकर और भारी कर्ज लेकर भेजा था विदेश
इनमें से ज्यादातर परिवारों ने बच्चों को विदेश भेजने, डिग्री दिलाने या पक्के तौर पर बसाने के लिए अपनी पुरखों की जमीनें और कीमती सामान तक बेच दिए थे। कई माता-पिता ने इस उम्मीद में लाखों का भारी कर्ज उठाया था कि उनका बेटा या बेटी बाहर जाकर परिवार की तंगहाली दूर कर देंगे। लेकिन वहां जाकर करियर बनाने का भारी दबाव, नौकरी न मिलना, वर्क वीजा की अनिश्चितताएं, अकेलेपन का तनाव और परिवार की उम्मीदों का बोझ इन युवाओं को मानसिक रूप से तोड़ रहा है। फिरोजपुर और आसपास के जिलों से हाल के दिनों में हादसों, बीमारियों, संदिग्ध हालातों और खुदकुशी के कई मामले सामने आ चुके हैं।
बेटी के जन्मदिन पर ही मलेशिया में युवक ने लगाई फांसी
ताजा और दिल दहला देने वाला मामला गुरुहरसहाय के बस्ती करम सिंह वाली का सामने आया है। यहां का रहने वाला 32 वर्षीय युवक मिथन करीब साढ़े तीन साल पहले रोजी-रोटी कमाने और बेहतर भविष्य के लिए मलेशिया गया था। 29 अगस्त को परिवार को फोन पर उसके कथित तौर पर आत्महत्या कर लेने की खबर मिली। दर्दनाक पहलू यह है कि जिस दिन मिथन ने यह आत्मघाती कदम उठाया, उसी दिन पंजाब में उसकी मासूम बेटी नैंसी का जन्मदिन था। पिता की मौत की खबर जब फोन पर मिथन के एक दोस्त ने दी, तो परिवार में कोहराम मच गया।
परिवार का सहारा था मिथन, शव वतन लाने के लिए सरकार से अपील
मिथन दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था और परिवार पहले ही पिता का साया खो चुका था। मिथन की पत्नी मुमताज रानी और छोटी बेटी नैंसी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के बड़े भाई गुरप्रीत सिंह ने रोते हुए बताया कि उनके पास इतने पैसे भी नहीं हैं कि वे विदेश से उसका शव ला सकें। पीड़ित परिवार ने केंद्र और पंजाब सरकार से गुहार लगाई है कि वे मलेशियाई दूतावास से संपर्क कर मिथन की पार्थिव देह को जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था करें, ताकि रीति-रिवाज के साथ उसका अंतिम संस्कार किया जा सके।


Sent abroad after selling land, young man hangs himself in Malaysia on his daughter’s birthday




