एबॉट्सफोर्ड: मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क पर कनाडा में लाइव शो के बाद अज्ञात हमलावरों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार देर रात एबॉट्सफोर्ड के रोजर फोर्न में आयोजित एक शो को खत्म कर लौट रहे एमी विर्क की लग्जरी रोल्स रॉयस कलिनन गाड़ी पर हमलावरों ने 7 से 10 राउंड गोलियां चलाईं। गाड़ी पर करीब 7 गोलियों के निशान मिले हैं, जिनमें सबसे ज्यादा असर पिछले शीशे पर दिखा। गाड़ी के मजबूत और सुरक्षित ढांचे की वजह से गोलियां आर-पार नहीं हो सकीं, जिसके चलते एमी विर्क समेत सवार चारों लोग बाल-बाल बच गए।
शो खत्म कर निकलते ही घेरकर की फायरिंग
यह वारदात शनिवार रात करीब 11 बजे मैक्कलम रोड और साउथ फ्रेजर वे के पास पेश आई। शुरुआत में सिर्फ एक लग्जरी कार पर फायरिंग की सूचना आ रही थी, लेकिन बाद में शो के आयोजकों और पंजाबी इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने स्पष्ट किया कि गाड़ी में खुद एमी विर्क मौजूद थे। कार्यक्रम स्थल से निकलते ही हमलावरों ने उनकी गाड़ी को निशाने पर ले लिया और अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हमलावर वारदात को अंजाम देकर तुरंत फरार हो गए।
गाड़ी में सवार था टारगेटेड शख्स, पहले भी हो चुके हैं 3 हमले
पुलिस की प्राथमिक जांच में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गाड़ी में एमी विर्क के साथ सरे का एक ऐसा शख्स भी मौजूद था, जिस पर पहले भी तीन बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। हालांकि पुलिस ने निजता का हवाला देते हुए उस व्यक्ति की पहचान पूरी तरह सार्वजनिक नहीं की है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही हैं कि हमलावरों का असली निशाना पंजाबी गायक एमी विर्क थे या फिर गाड़ी में मौजूद वह दूसरा व्यक्ति, जिसका पुराना विवाद चल रहा था।
घटनास्थल से 5 किमी दूर जली मिली संदिग्ध SUV, इंडस्ट्री में दहशत
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावरों ने सबूत मिटाने के लिए घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर सनी साइड प्लेस के पास एक SUV को आग के हवाले कर दिया। पुलिस को आशंका है कि इसी वाहन का इस्तेमाल फायरिंग में किया गया था और गाड़ी जल जाने की वजह से फॉरेंसिक सबूत जुटाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद कनाडा में रहने वाले भारतीय और पंजाबी कलाकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री में चिंता की लहर दौड़ गई है।


Punjabi singer Ammy Virk survives life-threatening attack in Canada; a hail of bullets fired at his Rolls-Royce




