मानसा: पंजाब पुलिस द्वारा गैंगस्टरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मानसा जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कुख्यात अर्श डल्ला गैंग से जुड़े दो सक्रिय गुर्गों को भारी मात्रा में अवैध असलहे और जिंदा कारतूसों के साथ धर दबोचा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समय रहते हुई इस गिरफ्तारी से इलाके में किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश नाकाम हो गई है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उनके आगामी नेटवर्क और नापाक मंसूबों का पर्दाफाश किया जा सके।
नेहरू कॉलेज के पीछे थैले से हथियार निकालते रंगे हाथ दबोचे
एसएसपी वैभव चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि विशेष चेकिंग और गश्त के दौरान पुलिस पार्टी जब शहर के नेहरू कॉलेज के पिछले हिस्से में पहुंची, तो वहां दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। दोनों युवक हाथ में पकड़े एक थैले से हथियार निकालकर अपनी जेब और कमर में छुपाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 32 बोर की 4 पिस्तौल समेत 12 जिंदा कारतूस और 315 बोर की एक देसी पिस्तौल बरामद की गई।
पहचान उजागर: मूसा गांव का ‘घुग्गी’ और शहर का ‘जैकी’ काबू
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मानसा शहर के वार्ड नंबर 9 निवासी अमृतपाल सिंह उर्फ जैकी (पुत्र गोरा सिंह) और चर्चित गांव मूसा के रहने वाले कुलदीप सिंह उर्फ घुग्गी (पुत्र करनैल सिंह) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी-2 में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मध्य प्रदेश से जुड़ा हथियारों की तस्करी का लिंक, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
प्राथमिक जांच और पूछताछ में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे आतंकी व गैंगस्टर अर्श डल्ला के गिरोह के लिए काम कर रहे थे। उन्होंने यह अवैध हथियार मध्य प्रदेश से मंगवाए थे। एसएसपी ने बताया कि दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है; अमृतपाल सिंह के खिलाफ पहले से लूटपाट, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के 3 मामले दर्ज हैं, जबकि कुलदीप सिंह के खिलाफ भी संगीन धाराओं में 2 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिमांड के दौरान सप्लायरों, नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों और हथियारों की डिलीवरी के असल टारगेट को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। इस मौके पर एसपी जसविंदर सिंह, डीएसपी जसविंदर सिंह और पुष्पविंदर सिंह भी मौजूद रहे।


Two operatives of the Arsh Dalla gang arrested with weapons; Punjab Police recovered 5 pistols




