You are currently viewing चंडीगढ़ पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 4 सीनियर अफसरों के तबादले, SSP ऑपरेशंस समेत कई अहम पदों पर नई तैनाती

चंडीगढ़ पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 4 सीनियर अफसरों के तबादले, SSP ऑपरेशंस समेत कई अहम पदों पर नई तैनाती

चंडीगढ़: चंडीगढ़ पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और प्रशासनिक कामकाज को रफ्तार देने के उद्देश्य से उच्च स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। यूटी प्रशासन ने चार वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। पुलिस महानिदेशक (DGP) की औपचारिक मंजूरी के बाद पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) कार्यालय द्वारा इस संबंध में विधिवत आदेश जारी किए गए हैं।

राजेश कुमार शर्मा बने SSP ऑपरेशंस व साइबर क्राइम, विनीत कुमार को मुख्यालय का प्रभार

जारी आदेशों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर कैडर से हाल ही में चंडीगढ़ स्थानांतरित होकर आए वर्ष 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें एसएसपी (ऑपरेशंस), साइबर क्राइम और कमांडेंट (आईआरबी) के पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही उन्हें होम गार्ड्स के सहायक कमांडेंट जनरल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, दिल्ली से स्थानांतरित होकर आए वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी विनीत कुमार को एसपी (मुख्यालय एवं संचार) नियुक्त किया गया है, साथ ही उन्हें विजिलेंस विंग का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।

अनुराग दारू संभालेंगे क्राइम और ईओडब्ल्यू, दानिप्स अधिकारी विजय बने एसपी सिटी

वर्ष 2022 बैच के युवा आईपीएस अधिकारी अनुराग दारू के कार्यक्षेत्र में भी बड़ा बदलाव किया गया है। पहले कमांडेंट (आईआरबी) और एसपी (सुरक्षा व ट्रैफिक) का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अनुराग दारू को अब एसपी (अपराध), आर्थिक अपराध शाखा (EOW) और सुरक्षा व ट्रैफिक के पद पर तैनात किया गया है। इसके अलावा, दानिप्स (DANIPS) कैडर के वरिष्ठ अधिकारी विजय को एसपी (मुख्यालय एवं संचार) के पद से स्थानांतरित कर एसपी (सिटी), महिला एवं बाल सहायता यूनिट (W&CSU) तथा इंटेलिजेंस विंग की कमान सौंपी गई है।

डीआईजीपी राजीव रंजन सिंह करेंगे प्रमुख शाखाओं की निगरानी

आधिकारिक आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यूटी चंडीगढ़ के उप-महानिरीक्षक (DIGP) राजीव रंजन सिंह (आईपीएस) इन सभी प्रमुख शाखाओं के कामकाज की समग्र निगरानी करेंगे। उनके पर्यवेक्षण में मुख्यालय, ऑपरेशंस, साइबर क्राइम, संचार, विजिलेंस, अपराध शाखा, ईओडब्ल्यू, आईआरबीएन और होम गार्ड्स के सहायक कमांडेंट जनरल का कार्यक्षेत्र शामिल रहेगा। शीर्ष स्तर पर हुए इस व्यापक फेरबदल से शहर में अपराध नियंत्रण और साइबर सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

major-reshuffle-in-the-chandigarh-police-department-four-senior-officers-transferred