चंडीगढ: 1984 के सिख विरोधी दंगों के दोषी सज्जन कुमार के अंतिम संस्कार में भाजपा के 3 सांसदों के शामिल होने को लेकर पंजाब में बड़ा सियासी बवाल खड़ा हो गया है। इसके विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार को अमृतसर, लुधियाना, जालंधर और बठिंडा में भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालयों और वरिष्ठ नेताओं के आवासों का घेराव करने की कोशिश की, जिससे कई जगह टकराव की स्थिति बन गई।
लुधियाना में बैरिकेड टूटे, जालंधर में सतीश पूनिया के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे कार्यकर्ता
लुधियाना में ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए और दाना मंडी स्थित भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया। भाजपा कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने पर पुलिस ने दफ्तर के अंदर ही रोककर टकराव टाला। वहीं जालंधर में ‘आप’ कार्यकर्ता नवनियुक्त भाजपा प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया के पहुंचने से पहले ही उनके कार्यक्रम स्थल लॉयंस क्लब पहुंच गए, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें बाहर ही रोक दिया।
अमृतसर में सांसद तरुण चुघ के आवास का घेराव, विधायक अजय गुप्ता ने दागे सवाल
अमृतसर में ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने हाथी गेट स्थित राज्यसभा सांसद तरुण चुघ के आवास का घेराव करने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने बैरिकेड्स पर रोक दिया। अमृतसर केंद्रीय से ‘आप’ विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 1984 का कत्लेआम सिखों के लिए कभी न भरने वाला गहरा जख्म है। उम्रकैद की सजा पाए दोषी के अंतिम संस्कार में भाजपा नेताओं का पहुंचना सिख भाईचारे के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने मांग की कि भाजपा साफ करे कि वह सिखों के साथ है या उनके कत्लेआम के दोषियों के साथ। वहीं, भाजपा नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि ‘आप’ सरकार के चंद महीने बाकी हैं और जनता जल्द इन्हें सत्ता से बाहर करेगी।


Ruckus over BJP MPs attending Sajjan Kumar’s funeral, AAP’s fierce demonstration in 4 cities of Punjab




