जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस के थाना बस्ती बावा खेल के एसएचओ इंस्पेक्टर जय इंद्र को पद से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया गया है। विभाग ने उनकी जगह सब-इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह को थाने की नई कमान सौंपी है। हालांकि पुलिस के आला अधिकारियों की तरफ से इस फेरबदल को लेकर अभी तक कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन महकमे में इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
गैंगवार पर लगाम न कसने और नशा तस्करों से लिंक के आरोप
सूत्रों के अनुसार, थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गैंगवार और गैंगस्टर गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न कर पाने के चलते यह सख्त कदम उठाया गया है। इसके अलावा एसएचओ पर नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के साथ कथित साठगांठ के गंभीर आरोप भी लग रहे थे। आला अधिकारियों तक लगातार पहुंच रही शिकायतों के बाद यह आंतरिक कार्रवाई अमल में लाई गई है।
पुराने विवादों और फतेह गैंग के उपद्रव को लेकर घिरे थे SHO
इंस्पेक्टर जय इंद्र का कार्यकाल पहले भी विवादों से घिरा रहा है। इससे पहले घर में बुलाकर बच्ची की हत्या के चर्चित मामले में भारी जनविरोध के बाद तत्कालीन पुलिस कमिश्नर ने एएसआई मंगतराम समेत दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया था। वहीं, इलाके में सक्रिय ‘फतेह गैंग’ पर नकेल कसने में भी थाना पुलिस पूरी तरह नाकाम साबित हो रही थी। आम आदमी पार्टी के नेता और मेयर के कार्यक्रम के दौरान इसी गैंग द्वारा देवी तालाब मंदिर परिसर में जमकर ईंट-पत्थर बरसाए गए थे, जिसमें पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।


Jalandhar: Basti Bawa Khel SHO Jai Indra transferred to Police Lines




