जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ जारी विशेष अभियान के तहत एक अवैध हुक्का बार पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के निर्देशों पर एडीसीपी जोन-2 माधवी शर्मा और एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया की निगरानी में थाना बस्ती बावा खेल पुलिस ने यह सख्त कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर एसएचओ इंस्पेक्टर जयइंदर सिंह, एक्साइज इंस्पेक्टर मंजीत सिंह और एसआई बलविंदर सिंह की संयुक्त टीम ने बाबा काहनदास नगर स्थित एक मकान पर दबिश देकर कुख्यात तस्कर तरसेम सिंह उर्फ सीमा को रंगे हाथों दबोच लिया।
विदेशी शराब, हुक्का सामग्री और लाखों का कैश जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 8 बोतल ब्लैक लेबल, 10 बोतल बैलेन्टाइन और 4 बोतल जेमिसन समेत भारी मात्रा में विदेशी व्हिस्की बरामद की। इसके अलावा मौके से 3 हुक्का चिलम, 3 हुक्का पाइप, 10,71,990 रुपये की नकदी, 5 महंगे मोबाइल फोन, एक एप्पल टैबलेट, 2 सोने के ब्रेसलेट और 4 सोने की अंगूठियां जब्त की गईं।
आरोपी पर पहले से 6 आपराधिक केस दर्ज, बैकवर्ड लिंकेज की जांच तेज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तरसेम सिंह उर्फ सीमा आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से मारपीट, चोरी और आबकारी अधिनियम के तहत 6 गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट, कोटपा (COTPA) एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 252 दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब रिमांड के दौरान यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इतनी बड़ी नकदी का मुख्य स्रोत क्या है।


Major police crackdown on an illegal hookah bar in Jalandhar; a notorious smuggler arrested




