जालंधर: जालंधर स्थित थाना नंबर 8 के अंतर्गत आने वाले हरगोविंद नगर में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां पैसों की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद बेटे और बहू ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर पिता की तेजधार हथियार से हमला कर नृशंस हत्या कर दी। मृतक की पहचान दलजीत सिंह पुत्र फकीर सिंह के रूप में हुई है, जो एक निजी फैक्ट्री में बतौर सिक्योरिटी गार्ड तैनात थे।
लव मैरिज के चलते पिता ने किया था बेदखल
मिली जानकारी के अनुसार, दलजीत सिंह के बेटे सुखपाल सिंह ने रूही नाम की युवती से प्रेम विवाह (लव मैरिज) किया था, जिससे पिता दलजीत सिंह सख्त नाराज थे। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने बेटे को घर से बाहर निकाल दिया था। इसके बाद सुखपाल अपनी पत्नी के साथ हरगोविंद नगर में ही किराए के मकान में रहने लगा। शादी के बाद सुखपाल कुछ समय के लिए दुबई भी गया, लेकिन वहां से लौटने के बाद उसकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई। तंगी के कारण वह आए दिन अपने पिता के पास जाकर पैसों की मांग को लेकर झगड़ा करता रहता था।
पैसे देने से मना करने पर सिर पर किया जानलेवा वार
बीती रात सुखपाल सिंह, उसकी पत्नी रूही और उनका एक दोस्त पैसों की मांग करने के लिए दलजीत सिंह के घर पहुंचे। जब दलजीत सिंह ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो बात गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई। तैश में आकर आरोपियों ने तेजधार हथियार से दलजीत सिंह के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गहरी चोट लगने के कारण मौके पर ही अत्यधिक खून बहने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला, आरोपियों की तलाश जारी
वारदात की सूचना मिलते ही थाना नंबर 8 के प्रभारी इंस्पेक्टर साहिल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 और 103(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।


Horrific act by a son and daughter-in-law in Jalandhar: father brutally murdered for money




