जालंधर: जालंधर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां चंद गज जमीन और संपत्ति के लालच में खून के रिश्ते इस कदर मरे कि इंसानियत भी शर्मसार हो गई। एक कलयुगी बड़े भाई ने अपनी ही पत्नी के साथ मिलकर अपने सगे विकलांग छोटे भाई की बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी। हालांकि, जालंधर की थाना सदर पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को महज 24 घंटों के भीतर सुलझाते हुए दोनों हत्यारे पति-पत्नी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है और उनके पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
संपत्ति के बंटवारे को लेकर चल रहा था खूनी खेल
एडीसीपी-2 माधवी शर्मा ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि यह खौफनाक वारदात जालंधर के खांबड़ा स्थित धर्मपुरा आबादी इलाके की है। यहां रहने वाले सोहांग उर्फ भोला का अपने 35 वर्षीय विकलांग छोटे भाई टहिल दास के साथ घरेलू संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से गहरा विवाद चल रहा था। इसी झगड़े की आग में जलते हुए सोहांग ने अपनी पत्नी कमलजीत कौर के साथ मिलकर एक खौफनाक साजिश रची और अपने ही बेबस भाई की जान का दुश्मन बन बैठा।
तेजधार हथियार और ईंटों से किया वार, अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान सोहांग और उसकी पत्नी कमलजीत ने बेबस टहिल दास पर तेजधार हथियार, डंडों और ईंटों से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। इस क्रूर हमले में विकलांग टहिल दास खून से लथपथ होकर बुरी तरह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति-पत्नी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल टहिल को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बदकिस्मती से उसने वहां दम तोड़ दिया।
मां के बयान पर एफआईआर दर्ज, आला कत्ल भी बरामद
इस खौफनाक घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों के कड़े निर्देश पर थाना सदर प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव कुमार की अगुवाई में जांच शुरू की गई। पुलिस ने मृतक की वृद्ध माता हरबंस कौर के बयानों के आधार पर हत्यारे बेटे और बहू के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में हत्या का मामला दर्ज किया। इसके बाद ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल खून से सना डंडा, टूटी हुई करद (तेजधार हथियार), सीमेंट की ईंट और एक ऑटो रिक्शा भी बरामद कर लिया है और उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।


ADCP Madhavi Sharma takes decisive action; mystery behind the murder of a disabled man




