You are currently viewing जालंधर में बीच सड़क पेट्रोल टैंकर और कार में भिड़ंत, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त; बाल-बाल बची परिवार की जान

जालंधर में बीच सड़क पेट्रोल टैंकर और कार में भिड़ंत, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त; बाल-बाल बची परिवार की जान

जालंधर: शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार गुरु नानक मिशन चौक पर बड़ा सड़क हादसा देखने को मिला है। यहां एक पेट्रोल टैंकर और हुंडई वेन्यू कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस खौफनाक टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत यह रही कि अंदर बैठे परिवार की जान बाल-बाल बच गई और किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के तुरंत बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और दोनों वाहन चालकों के बीच सड़क पर ही काफी देर तक तीखी बहस होती रही।

गलती किसकी? टैंकर ड्राइवर ने वीडियो का दिया हवाला
इस घटना को लेकर पेट्रोल टैंकर के चालक सरबजीत सिंह का कहना है कि वह बठिंडा से तेल भरकर जालंधर आ रहे थे और पूरी तरह से अपनी लेन में डिवाइडर के साथ-साथ चल रहे थे। ड्राइवर ने दावा किया है कि उसके पास इस पूरी घटना का वीडियो भी मौजूद है। सरबजीत के मुताबिक, उस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि यह हादसा कार चालक की गलती और लापरवाही के कारण हुआ है।

बस स्टैंड जा रहा था परिवार, कार चालक ने लगाया कट मारने का आरोप
दूसरी तरफ, कार चला रहे मकसूदां निवासी पाठी बलदेव सिंह खालसा ने टैंकर चालक के दावों को सिरे से खारिज करते हुए अपना बचाव किया है। उनका कहना है कि वह घर से अपने बच्चों को बस स्टैंड छोड़ने के लिए निकले थे। इसी दौरान टैंकर चालक ने अचानक गलत तरीके से कट मार दिया, जिससे उनकी कार अनियंत्रित होकर घूम गई और यह जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में उनकी गाड़ी का पिछला हिस्सा और दरवाजे पूरी तरह से पिचक गए हैं। कार में मौजूद सुरताज जीत कौर ने बताया कि हादसे के वक्त गाड़ी में माता-पिता सहित कुल तीन लोग सवार थे। इस अचानक हुई टक्कर से पूरा परिवार बुरी तरह सहम गया, लेकिन राहत की बात बस यही है कि सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरू की साक्ष्यों की जांच
बीच सड़क हुए इस बवाल और हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। कांस्टेबल सुखविंदर सिंह ने बताया कि पेट्रोल टैंकर और कार की टक्कर की जानकारी मिलते ही जांच अधिकारी (आईओ) को घटनास्थल पर भेज दिया गया था। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। इसके साथ ही हादसे की असली वजह और गलती का पता लगाने के लिए घटनास्थल पर मौजूद सीसीटीवी फुटेज और वीडियो साक्ष्यों की भी गहराई से जांच की जा रही है।

Petrol tanker and car collide in the middle of the road in Jalandhar; both vehicles damaged