You are currently viewing पंजाब कांग्रेस में फिर मची रार… राजा वड़िंग से नाराज पूर्व CM चन्नी ने CWC की बैठक से किया किनारा; राहुल गांधी ले सकते हैं कड़ा एक्शन

पंजाब कांग्रेस में फिर मची रार… राजा वड़िंग से नाराज पूर्व CM चन्नी ने CWC की बैठक से किया किनारा; राहुल गांधी ले सकते हैं कड़ा एक्शन

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में एक बार फिर से अंदरूनी कलह और गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। अपनी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से नाराज चल रहे पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अब सीधे हाईकमान को अपने बागी तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। चन्नी ने अपनी व्यक्तिगत व्यस्तता का हवाला देते हुए दिल्ली में होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की अहम बैठक से पूरी तरह दूरी बना ली है। इस हाई-प्रोफाइल बैठक में पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा और पूर्व सांसद विजयइंदर सिंगला हिस्सा ले रहे हैं।

राजा वड़िंग की प्रधानगी से खफा हैं चन्नी
पूर्व सीएम चन्नी के इस कदम को उनकी गहरी नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है। दरअसल, चरणजीत सिंह चन्नी लंबे समय से पंजाब कांग्रेस के मौजूदा प्रधान राजा वड़िंग के काम करने के तरीके और उनकी प्रधानगी का खुलकर विरोध कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो चन्नी को इस बात की सबसे ज्यादा टीस है कि उनके बार-बार ऐतराज जताने के बावजूद कांग्रेस हाईकमान उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। इसी अनदेखी से खफा होकर उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की बैठक से किनारा करने का यह बड़ा फैसला लिया है।

2027 के चुनावों पर मंथन, चन्नी को पढ़ाया जा सकता है अनुशासन का पाठ
दिल्ली में बुलाई गई इस अहम बैठक का मुख्य एजेंडा पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति तैयार करना है। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। सियासी गलियारों में यह भी चर्चा जोरों पर है कि राहुल गांधी जल्द ही पंजाब का दौरा करके पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान का औपचारिक आगाज करने वाले हैं। इस दौरे को लेकर वह पंजाब के दिग्गज नेताओं के साथ अलग से बैठकें भी कर सकते हैं, जिसमें अनुशासनहीनता दिखा रहे चरणजीत सिंह चन्नी को पार्टी की तरफ से सख्त संदेश दिया जा सकता है।

Former CM Channi, upset with Raja Warring, skips CWC meeting; Rahul Gandhi may take stern action.