चंडीगढ़: सोशल मीडिया की ताकत और अफवाहों का असर किस कदर लोगों पर भारी पड़ सकता है, इसका हैरान करने वाला नजारा चंडीगढ़ में देखने को मिला है। यहां इंस्टाग्राम पर ‘पेट्रोल लंगर’ का एक वीडियो वायरल होने के बाद सेक्टर-10 स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ‘जय माता दी’ बोलने पर फ्री पेट्रोल मिलने की उम्मीद में लोग मूसलाधार बारिश के बीच भी घंटों लाइन में लगे रहे, लेकिन अंत में जब उन्हें सच्चाई पता चली तो उनके अरमानों पर पानी फिर गया और उन्हें मायूस होकर खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।
इंस्टाग्राम वीडियो ने किया लोगों को गुमराह
मुफ्त पेट्रोल की आस में मौके पर पहुंचीं बेबी नाम की एक महिला ने बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर फ्री पेट्रोल बांटने का एक वीडियो देखा था। इसी उम्मीद में वह सेक्टर-10 के पेट्रोल पंप पर पहुंची थीं। लेकिन वहां मौजूद अटेंडेंट ने उन्हें साफ मना कर दिया और कहा कि उनके पास ऐसा कुछ भी बांटने की कोई अनुमति नहीं है। महिला के अनुसार, वहां भीड़ को देखते हुए महज 10-15 लोगों को ही नाममात्र के लिए टोकन दिए गए, जबकि बाकी सभी लोगों को घंटों इंतजार करने के बाद भी बिना पेट्रोल के ही बैरंग लौटा दिया गया।
बारिश में भीगते रहे लोग, खाली हाथ लौटने पर फूटा गुस्सा
पेट्रोल पंप पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे अंशू नाम के एक शख्स ने बताया कि वह पिछले दो घंटे से भारी बारिश में खड़े थे। लोग इस उम्मीद में खराब मौसम की परवाह किए बिना डटे थे कि उन्हें फ्री पेट्रोल मिलेगा। लेकिन जब अचानक कर्मचारियों ने सभी को वापस जाने और शनिवार या रविवार को आने के लिए कहा, तो लोगों की नाराजगी छलक पड़ी। अंशू ने कहा कि जब किसी ने सोशल मीडिया पर इस तरह का बड़ा ऐलान किया था, तो अब अपनी बात से पीछे हटना बिल्कुल गलत है। लोग बड़ी उम्मीद लेकर आए थे, लेकिन उनके हाथ सिर्फ निराशा ही लगी।
आखिर क्या था इस ‘पेट्रोल लंगर’ का पूरा सच?
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से चंडीगढ़ में एक अनोखे ‘पेट्रोल लंगर’ की जमकर चर्चा चल रही थी। सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति का वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें उसने ऐलान किया था कि जो लोग ‘जय माता दी’ बोलेंगे, उन्हें मुफ्त पेट्रोल के कूपन बांटे जाएंगे। इस वायरल दावे के मुताबिक, दोपहिया वाहनों के लिए 500 रुपये और चारपहिया वाहनों के लिए 1,000 रुपये तक के कूपन दिए जाने की बात कही गई थी। वीडियो में सेक्टर-7 और सेक्टर-10 के पेट्रोल पंपों पर इस लंगर के आयोजन का दावा था। हालांकि, बाद में सोशल मीडिया पर ही यह सफाई भी सामने आई कि भारी बारिश के कारण इस कार्यक्रम को टाल दिया गया है और अब यह शुक्रवार को किया जाएगा। लेकिन तब तक सैकड़ों लोग गुमराह होकर पंप पर पहुंच चुके थे।


‘Petrol Langar’ announced on Instagram… people queued for hours in heavy rain for free fuel




