You are currently viewing पंजाब में ब्याजखोरों के आतंक से परेशान व्यक्ति पहुंचा DC दफ्तर, लगाई इच्छामृत्यु की गुहार

पंजाब में ब्याजखोरों के आतंक से परेशान व्यक्ति पहुंचा DC दफ्तर, लगाई इच्छामृत्यु की गुहार

अमृतसर: कर्ज का मकड़जाल एक इंसान को किस कदर बेबस कर सकता है, इसकी एक दर्दनाक तस्वीर अमृतसर से सामने आई है। यहां ब्याजखोरों की धमकियों और कर्ज के भारी बोझ से टूट चुके एक व्यक्ति ने सीधे डिप्टी कमिश्नर (DC) कार्यालय पहुंचकर एक ऐसी मांग कर डाली, जिसने प्रशासन के भी कान खड़े कर दिए। पीड़ित ने साफ शब्दों में कहा है कि या तो उसे इस कर्ज के दलदल से बाहर निकाला जाए, या फिर उसे आत्महत्या करने की सरकारी इजाजत दी जाए।

मकान और जमीन दांव पर, फिर भी खत्म नहीं हुआ ब्याज
पीड़ित प्रिंस सिंह का कहना है कि वह पिछले कई सालों से कर्ज के भारी बोझ तले दबा हुआ है और लगातार सिर्फ ब्याज ही भर रहा है। कर्ज उतारने की जद्दोजहद में उसने अपनी जिंदगी भर की कमाई, अपना मकान और यहां तक कि जमीन भी गिरवी रख दी। इसके बावजूद साहूकारों का कर्ज और ब्याज खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि अब उसके पास पैसा चुकाने का कोई भी साधन या रास्ता नहीं बचा है।

बेटी का पीछा कर रहे बदमाश, खौफ में जी रहा पूरा परिवार
आर्थिक तंगी से जूझ रहे प्रिंस सिंह की परेशानी सिर्फ पैसों तक सीमित नहीं है, बल्कि अब बात उसके परिवार की जान पर बन आई है। पीड़ित का आरोप है कि कर्ज देने वाले लोग लगातार उसे डरा-धमका रहे हैं। कुछ अज्ञात लोग उसका पीछा करते हैं और घर के बाहर आकर सरेआम धमकियां देते हैं। हद तो तब हो गई जब उन्होंने उसकी बच्ची का भी पीछा करना शुरू कर दिया। घर में पत्नी, बच्चे और बुजुर्ग पिता खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं। इसी दहशत के चलते प्रिंस ने प्रशासन से अपने पूरे परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

डीसी ने दिए पुलिस को निर्देश, मामले की जांच शुरू
इस गंभीर मामले के संज्ञान में आने के बाद स्थानीय प्रशासन भी हरकत में आ गया है। डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें प्रिंस सिंह की शिकायत प्राप्त हो गई है, जिसमें परेशान करने और धमकियों का स्पष्ट जिक्र है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरी जानकारी तुरंत पुलिस कमिश्नर को सौंप दी गई है और उचित कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, प्रशासन की तरफ से दोनों पक्षों को बुलाकर इस पूरे मामले का कोई स्थायी समाधान निकालने की कोशिश भी की जा रही है।

Distressed by the reign of terror unleashed by moneylenders in Punjab