You are currently viewing कनाडा में बड़ी साजिश, कैलगरी के दशमेश कल्चर सेंटर गुरुद्वारे को ढहाने की मिली धमकी; पूरे सिख समुदाय में हड़कंप

कनाडा में बड़ी साजिश, कैलगरी के दशमेश कल्चर सेंटर गुरुद्वारे को ढहाने की मिली धमकी; पूरे सिख समुदाय में हड़कंप

कैलगरी: कनाडा से इस वक्त एक चिंताजनक खबर सामने आ रही है। यहां के कैलगरी शहर में स्थित सिखों के प्रमुख धार्मिक स्थल ‘गुरुद्वारा दशमेश कल्चर सेंटर’ को कुछ अज्ञात लोगों द्वारा ढहाने (तोड़ने) की खुली धमकी दी गई है। इस सनसनीखेज धमकी भरे फोन कॉल के बाद पूरे सिख समुदाय और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से लेकर अल्बर्टा प्रांत के उच्चाधिकारियों तक अलर्ट भेज दिया गया है।

पार्किंग खाली कराने के बहाने किया फोन, फिर दी इमारत गिराने की खौफनाक धमकी
जानकारी के मुताबिक, शुरुआत में गुरुद्वारा साहिब के कार्यालय में एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। कॉलर ने बड़े ही सामान्य तरीके से कहा कि वे लोग पार्किंग वाली जगह पर कुछ तारें बिछाने वाले हैं, इसलिए तुरंत गुरुद्वारे की पार्किंग को खाली करवा दिया जाए। इसके कुछ ही देर बाद एक अन्य व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को एक कंपनी का सीईओ (CEO) बताया। इस शख्स ने सीधे गुरुद्वारा साहिब की प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन भाई रणबीर सिंह परमार से फोन पर बात की और इसी बातचीत के दौरान उसने अचानक गुरुद्वारा साहिब की पूरी इमारत को ही ढहाने की खौफनाक धमकी दे डाली।

पुलिस में शिकायत दर्ज, मुख्यमंत्री और सांसदों को भी किया गया अलर्ट
पवित्र धार्मिक स्थल को लेकर मिली इस गंभीर धमकी के बाद गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने बिना कोई देरी किए तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन में आधिकारिक शिकायत दर्ज करवा दी है। चेयरमैन रणबीर सिंह परमार ने बताया कि उन्होंने पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ अल्बर्टा प्रांत की मुख्यमंत्री (प्रीमियर) के कार्यालय को भी ईमेल के जरिए इस पूरी घटना की तुरंत सूचना दे दी है। इसके अलावा इलाके के सभी पार्षदों, सांसदों और विधायकों (MLAs) को भी इस मामले से अवगत करा दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस धमकी के पीछे कौन लोग शामिल हैं और उनका असली मकसद क्या है।

Major plot in Canada: Calgary’s Dashmesh Culture Center Gurdwara receives threat of demolition