जलिस्को: हॉलीवुड फिल्मों में आपने ‘बैटमैन’ को अपराधियों का खात्मा करते और आम लोगों को इंसाफ दिलाते जरूर देखा होगा, लेकिन इन दिनों मैक्सिको की सड़कों पर एक असली ‘बैटमैन’ घूम रहा है। यह रहस्यमयी शख्स पुलिस का इंतजार किए बिना खुद ही ‘इंसाफ’ करने निकल पड़ा है। सोशल मीडिया पर इस अनजान शख्स के कारनामे जमकर वायरल हो रहे हैं, जिसे लोग ‘मैक्सिकन बैटमैन’ या ‘डार्क नाइट’ का नाम दे रहे हैं। यह शख्स कथित तौर पर बाइक चोरों को पकड़कर उन्हें खंभों से बांध देता है और उनके चेहरे पर ‘चोर’ लिखकर मौके से गायब हो जाता है। इस रहस्यमयी ‘सुपरहीरो’ ने जहां शहर के अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया है, वहीं कानून व्यवस्था को चुनौती देकर पुलिस के भी पसीने छुड़ा दिए हैं।
डक्ट टेप से खंभे से बांधकर चेहरे पर बनाता है बिल्ली जैसी मूंछें
मैक्सिको के जलिस्को राज्य के लागोस डी मोरेनो शहर में पिछले कुछ दिनों से इस तरह की चौंकाने वाली घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दो हफ्तों में कम से कम पांच लोगों को सड़क किनारे बिजली के खंभों से डक्ट टेप में पूरी तरह लिपटा हुआ पाया गया है। सजा देने का इस ‘बैटमैन’ का तरीका बेहद अनोखा है। वह कथित चोरों को खंभे से बांधने के बाद उनके मुंह पर टेप लगा देता है ताकि वे चिल्ला न सकें। इसके बाद वह उनके चेहरे पर काले मार्कर से स्पेनिश शब्द ‘Ratero’ (जिसका मतलब ‘चोर’ होता है) लिख देता है। कई चोरों के चेहरे पर मूंछें और बिल्ली के जैसी मूंछों के निशान भी बनाए गए हैं, जिसे इस रहस्यमयी शख्स का ‘सिग्नेचर स्टाइल’ माना जा रहा है।
सिर पर लगाता है गुलाबी बोर्ड, पुलिस कर रही ‘बैटमैन’ की तलाश
यह शख्स सिर्फ चोरों को बांधता ही नहीं, बल्कि उनके सिर के ऊपर गुलाबी रंग का एक बोर्ड भी लगा जाता है, जिस पर मोटरसाइकिल चोरी का आरोप लिखा होता है। इतना ही नहीं, जिन बाइकों को चोरी का बताया जाता है, यह शख्स उन्हें भी उसी खंभे के पास खड़ा छोड़ जाता है। इस अजीबोगरीब न्याय की पहली घटना 13 जून को सामने आई थी। हालांकि, जलिस्को पुलिस इस मामले को बिल्कुल अलग नजरिए से देख रही है। पुलिस का कहना है कि कानून को अपने हाथ में लेना एक बड़ा अपराध है, इसलिए खंभे से बंधे मिले सभी लोगों को फिलहाल ‘पीड़ित’ मानकर उन्हें छुड़ाकर इलाज के लिए भेजा गया है। राज्य के सुरक्षा सचिव जुआन पाब्लो हर्नांडेज के अनुसार, अब तक इस रहस्यमयी शख्स से जुड़ी पांच घटनाओं की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस ने मामले में इस्तेमाल किए गए दो संदिग्ध वाहनों की पहचान कर ली है और अब इस ‘मैक्सिकन बैटमैन’ की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।


‘Secret Batman’ hits the streets: ties thieves to poles and writes ‘thief’ on their faces








