लुधियाना: पंजाब के सबसे महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर सोमवार को भारी हंगामा देखने को मिला। आजाद किसान मोर्चा के नेता तरणजीत सिंह निमाणा की अगुवाई में भारी संख्या में पहुंचे किसानों ने टोल प्लाजा पर अचानक धरना शुरू कर दिया। आक्रोशित किसानों ने प्रदर्शन करते हुए टोल को पूरी तरह से फ्री करवा दिया। सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक किसी भी वाहन से कोई टैक्स नहीं वसूला गया, जिससे वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली।
मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल, अपनी मांगों पर डटे रहे अन्नदाता
टोल प्लाजा को फ्री किए जाने और किसानों के धरने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पैर फूल गए। आनन-फानन में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शन कर रहे किसानों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने टोल को वापस चालू करवाने की लाख कोशिशें कीं, लेकिन किसान अपनी मांगों पर डटे रहे। तीन घंटे तक टोल प्लाजा पूरी तरह से फ्री रहा। हालांकि पुलिस की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही, लेकिन कुछ समय के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था।
बाढ़ से बर्बाद फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर फूटा गुस्सा
धरने के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए आजाद किसान मोर्चा के नेता तरणजीत सिंह निमाणा ने कहा कि पिछली भयानक बाढ़ के दौरान पंजाब के किसानों की फसलें पूरी तरह से तबाह हो गई थीं। इसके बावजूद सरकार की ओर से आज तक किसानों को कोई उचित मुआवजा नहीं दिया गया है। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि कई बार केंद्र और प्रदेश सरकार के समक्ष यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया, लेकिन हर बार किसानों की आवाज को अनसुना कर दिया गया। इसी सरकारी अनदेखी के खिलाफ आज मजबूर होकर किसानों को सड़क पर उतरना पड़ा है।
राज्यपाल ने दिया बातचीत का समय, मांगें न मानने पर दी बड़ी चेतावनी
किसानों के इस उग्र प्रदर्शन और टोल प्लाजा फ्री किए जाने के बाद चंडीगढ़ तक हड़कंप मच गया। किसानों के दबाव के बाद पंजाब के राज्यपाल ने खुद उन्हें शाम के समय बातचीत के लिए मिलने का समय दिया है। किसान नेता निमाणा ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि राज्यपाल के साथ होने वाली बैठक में किसानों की जायज मांगों को तुरंत पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में इस संघर्ष को और भी उग्र रूप दिया जाएगा। किसानों ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों से यह मांग की है कि बिना किसी देरी के उनके मुद्दों का स्थायी समाधान निकाला जाए।

Administration Appears Helpless Before Farmers; Vehicles Pass Free of Cost for 3 Hours at Punjab’s Most Expensive Toll Plaza








