लुधियाना: पंजाब के लुधियाना से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक मशहूर कवि ने बेटी की ‘कॉन्ट्रैक्ट मैरिज’ (Contract Marriage) और ससुराल वालों की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान गांव मकसूदड़ा के रहने वाले हरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत सैंडल के रूप में हुई है। उनका शव गांव के बाहरी इलाके में स्थित एक धार्मिक स्थल के पास मिला। पुलिस को मौके से दो पेज का एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसने इस पूरी खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया है।
कनाडा भेजने के लिए करवाई थी कॉन्ट्रैक्ट मैरिज, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल
परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि करीब तीन साल पहले हरप्रीत सिंह ने अपनी बेटी अनमोलप्रीत कौर को कनाडा भेजने के लिए अमृतसर के रहने वाले जसकरण सिंह के साथ उसकी कॉन्ट्रैक्ट मैरिज करवाई थी। अनमोलप्रीत स्टडी वीजा पर कनाडा चली गई। इसके बाद जसकरण के स्पाउस वीजा के लिए दो बार आवेदन किया गया, लेकिन तकनीकी कारणों से वह रिजेक्ट हो गया। सुसाइड नोट के मुताबिक, इसके बाद आरोपी पक्ष ने खर्चे के नाम पर 22 लाख रुपये की भारी-भरकम मांग शुरू कर दी। हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने खाली हस्ताक्षर किए हुए चेकों का इस्तेमाल कर बेटी के खाते से बड़ी रकम निकाल ली और लगातार धमकियां देने लगे। इन्ही धमकियों से परेशान होकर हरप्रीत डिप्रेशन में चले गए थे।
जिस जगह से शुरू किया था कलात्मक सफर, वहीं तोड़ा दम
परिजनों के अनुसार, हरप्रीत कल सुबह करीब 6 बजे घर से निकले थे। शाम के वक्त जब धार्मिक स्थल के पास सन्नाटा पसरा था, तब आशंका है कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। उनके दोस्तों का कहना है कि यह वही जगह है जहां से प्रीत सैंडल ने अपने कलात्मक सफर की शुरुआत की थी। हरप्रीत अपने पीछे तीन बेटियां छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी इंग्लैंड में सेटल है, जबकि सबसे छोटी बेटी कानून (लॉ) की पढ़ाई कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है और साहित्यिक संगठनों ने इंसाफ के लिए ‘प्रीत सैंडल इंसाफ प्राप्ति संघर्ष कमेटी’ का भी गठन कर लिया है। कमेटी ने ऐलान किया है कि अंतिम रस्म (भोग) के मौके पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
सुसाइड नोट के आधार पर तीन लोगों पर FIR दर्ज
इस संवेदनशील मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। थाना पायल के एसएचओ परविंदर बेदी ने बताया कि पुलिस ने मृतक की पत्नी कुलविंदर कौर के बयानों और मौके से मिले दो पेज के सुसाइड नोट के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बेटी के पति (जसकरण सिंह), उसके चाचा (सतकार सिंह) और एक ट्रैवल एजेंट (कंवलजीत सिंह) के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Daughter’s Contract Marriage Claims Father’s Life: Renowned Ludhiana Poet Swallows Poison








