ओटावा: कनाडा जाने का सपना देख रहे युवाओं और वहां पहले से रह रहे प्रवासियों के लिए एक बड़ी खबर है। कनाडाई सरकार ने साल 2026 की अपनी इमीग्रेशन (आप्रवासन) पॉलिसी में एक ऐतिहासिक बदलाव कर दिया है। सरकार का नया फोकस अब ज्यादा से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाने के बजाय ऐसे चुनिंदा लोगों को देश में बसाने पर है, जो कनाडा की अर्थव्यवस्था में तुरंत और ठोस योगदान दे सकें। इस नई नीति के तहत प्रशासनिक ढांचे में बड़े स्तर पर फेरबदल किया जा रहा है और ये सख्त नियम 26 मार्च से पूरे देश में लागू कर दिए गए हैं।
सात दिन के अंदर हाथ में होगी पीआर (PR)
कनाडा सरकार के इस नए नियम के मुताबिक, जो लोग पहले से कनाडा में रह रहे हैं और सालाना करीब 70 लाख रुपये की मोटी कमाई कर रहे हैं, उनके लिए परमानेंट रेजिडेंसी (PR) पाना अब बेहद आसान हो गया है। ऐसे उच्च आय वाले लोग अगर पीआर के लिए आवेदन करते हैं, तो उन्हें महज एक हफ्ते के भीतर पीआर मिल सकती है। एक तरफ जहां अर्थव्यवस्था को गति देने वालों के लिए सरकार रेड कार्पेट बिछा रही है, वहीं अवैध तरीके से देश में घुसे लोगों के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपना ली गई है। ऐसे अवैध प्रवासियों को पकड़ते ही तुरंत डिपोर्ट (निर्वासित) करने का सख्त फरमान जारी किया गया है।
छात्रों और वर्क परमिट वालों की चमकी किस्मत
नई पॉलिसी के तहत सरकार ने 2025 से 2027 के बीच दिए जाने वाले पीआर के कुल कोटे में कटौती कर दी है। बाहर से नए लोगों को बुलाने की रफ्तार पर लगाम लगाई गई है, लेकिन जो लोग पहले से कनाडा में वर्क परमिट या स्टडी परमिट पर रहकर काम या पढ़ाई कर रहे हैं, उन्हें अब सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का सीधा लक्ष्य है कि ऐसे करीब 40 प्रतिशत लोगों को वहीं से सीधे पीआर देकर स्थायी किया जाए। इसका सीधा मतलब है कि अगर आप कनाडा में पहले से ही मौजूद हैं, तो आपके लिए वहां हमेशा के लिए बसना पहले के मुकाबले काफी आसान हो गया है।
डॉक्टर, इंजीनियर और इन पेशेवरों की भारी डिमांड
पीआर कोटे में कटौती के बावजूद कुछ खास क्षेत्रों के पेशेवरों के लिए कनाडा ने अपने दरवाजे पूरी तरह से खोल कर रखे हैं। जिन लोगों के पास हाई-स्किल और किसी अच्छी सैलरी वाली नौकरी का पक्का ऑफर मौजूद है, उन्हें वीजा और पीआर की प्रक्रिया में सबसे आगे रखा जा रहा है। सरकार खासतौर पर हेल्थकेयर सेक्टर (डॉक्टर, नर्स), इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन सेक्टर (जैसे प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन) से जुड़े पेशेवरों को सबसे ज्यादा महत्व दे रही है, क्योंकि देश के विकास और अर्थव्यवस्था को मौजूदा समय में इन्हीं हुनरमंद लोगों की सबसे ज्यादा दरकार है।

Canada’s New Immigration Rule: PR in Just One Week—Provided You Earn This Salary








