लुधियाना: शहर में एक बार फिर गैंगस्टरों के नाम पर खौफ फैलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना सराभा नगर इलाके में एक परिवार को कुख्यात गैंगस्टर और घोषित आतंकी अर्श डल्ला के नाम पर धमकाया गया है। अज्ञात बदमाश ने न सिर्फ फेसबुक पर लाइव होकर परिवार को डराया, बल्कि एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर धमकियां भी दीं। इस घटना के बाद से बाड़ेवाल का रहने वाला पीड़ित परिवार पूरी तरह से दहशत में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच तेज कर दी है।
फेसबुक लाइव और विदेशी नंबर से आई कॉल
पुलिस को दी गई शिकायत में बाड़ेवाल के रहने वाले परमिंदर सिंह के बेटे तकदीर सिंह और कुलदीप सिंह ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लाइव होकर उनके परिवार को लगातार धमका रहा है और खुद को अर्श डल्ला बता रहा है। पीड़ितों के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर (+92-3061335479) से व्हाट्सएप कॉल आई। करीब 1 मिनट 11 सेकंड तक चली इस कॉल में उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं, जिसके बाद सहमे हुए परिवार ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
कॉल डिटेल और सोशल मीडिया अकाउंट की हो रही जांच
शिकायत मिलते ही सराभा नगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2) और आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उस विदेशी मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल (सीडीआर) खंगाल रही है। इसके साथ ही, जिस अकाउंट से फेसबुक लाइव किया गया था, उसका आईपी एड्रेस ट्रेस करने के लिए साइबर एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है ताकि आरोपी की असली लोकेशन का पता लगाया जा सके।
300 गुर्गों का आका है आतंकी घोषित अर्श डल्ला
गैंगस्टर अर्श डल्ला पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ है। केंद्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आपराधिक गतिविधियों और देश विरोधी मंसूबों के चलते साल 2022 में ही डल्ला को आतंकी घोषित कर दिया था। अर्श डल्ला के खिलाफ पूरे देश में हत्या, फिरौती और आतंकवाद के 70 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। खुफिया रिपोर्टों के मुताबिक, डल्ला के गैंग में 300 से अधिक सदस्य एक्टिव हैं, जो विदेश में बैठे अपने आका के इशारे पर काम कर रहे हैं।

Threats via WhatsApp Calls from Foreign Numbers and Facebook Live in Punjab








