You are currently viewing अनिल चोपड़ा की याद में उमड़ा सेंट सोल्जर ग्रुप, कुष्ठ आश्रम परिवार ने भी दी भावभीनी श्रद्धांजलि

अनिल चोपड़ा की याद में उमड़ा सेंट सोल्जर ग्रुप, कुष्ठ आश्रम परिवार ने भी दी भावभीनी श्रद्धांजलि

जालंधर: सेंट सोल्जर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन श्री अनिल चोपड़ा 14 अप्रैल की सुबह इस नश्वर संसार को अलविदा कहकर पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार मॉडल टाउन स्थित श्मशान घाट में किया गया। इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सेंट सोल्जर ग्रुप के समस्त स्कूलों और कॉलेजों में शोक सभाएं आयोजित की गईं।

श्रद्धांजलि समारोह के दौरान कुष्ठ आश्रम परिवार, समूह के स्टाफ और विद्यार्थियों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

श्री अनिल चोपड़ा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न संस्थानों के डायरेक्टरों और प्रिंसिपलों ने कहा कि वह एक ऐसी महान शख्सियत थे, जो किसी परिचय के मोहताज नहीं थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा के विस्तार और समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि उनकी माता स्वर्गीय श्रीमती शांता चोपड़ा जी ने 1958 में मात्र एक कमरे और तीन बच्चों के साथ जिस स्कूल की नींव रखी थी, उसे अनिल चोपड़ा जी ने अपनी कड़ी मेहनत और दूरदर्शिता से 36 स्कूलों और 23 कॉलेजों के विशाल नेटवर्क में बदल दिया। उनके प्रयासों की बदौलत ही आज सेंट सोल्जर ग्रुप उत्तरी भारत के सबसे बड़े शिक्षा समूहों में शुमार है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में साहस और शक्ति प्रदान करें।

The St. Soldier Group turned out in large numbers to honor the memory of Anil Chopra