लुधियाना: विदेश जाने और वहां पक्के होने की चाहत में रिश्तों का कत्ल करने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। लुधियाना के थाना सलेम टाबरी इलाके में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। शादी के बाद पति के साथ कनाडा गई एक महिला ने पीआर (PR) मिलते ही अपने पति को छोड़ दिया और अब वह किसी अनजान जगह पर रह रही है। परेशान पति और उसके परिवार की शिकायत पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है।
शादी के कुछ महीने बाद ही रची खौफनाक साजिश
थाना सलेम टाबरी के इलाके अमन नगर निवासी शिकायतकर्ता जरनैल सिंह ने बताया कि उनका बेटा मान सिंह कनाडा का स्थायी निवासी (PR) है। 10 फरवरी 2024 को मान सिंह की शादी अमनदीप कौर के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही मान सिंह अपनी पत्नी अमनदीप को भी अपने साथ कनाडा ले गया। लेकिन वहां पहुंचते ही पत्नी के तेवर पूरी तरह से बदल गए।
पीआर हासिल करते ही पति से कर लिया किनारा
कनाडा पहुंचने और वहां की पीआर हासिल करने के बाद अमनदीप कौर ने अपने पति मान सिंह से दूरी बना ली। उसने अपने पति को छोड़ दिया और किसी अनजान जगह जाकर रहने लगी। पीड़ित ससुर जरनैल सिंह का सीधा आरोप है कि लड़की ने केवल विदेश में सेटल होने और पीआर हासिल करने के लिए उनके बेटे का इस्तेमाल किया। जब उसका मकसद पूरा हो गया, तो उसने उसे छोड़ दिया। परेशान पति ने उसे काफी समझाया भी, लेकिन जब वह नहीं मानी तो उसने लुधियाना में अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। अब वह लड़की पूरी तरह से संपर्क से बाहर है।
पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपियों पर मामला दर्ज
इस गंभीर धोखाधड़ी की शिकायत मिलने के बाद थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने मामले की गहन पड़ताल की। लंबी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी अमनदीप कौर, उसके पिता बलबीर सिंह (निवासी गांव रिहाणा जट्टां, कपूरथला), भाई जसवीर सिंह (निवासी गांव रिहाणा जट्टां) और गुरविंदर सिंह (निवासी गांव भोरा) के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 316(2), 318(2), 336(2), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Upon Arriving in Canada, Wife Reveals Her True Colors: Betrays Husband Immediately After Securing PR








