लुधियाना: महानगर में शातिर चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस प्रशासन और सख्त कानून का रत्ती भर भी खौफ नहीं रह गया है। कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाला यह ताजा और हैरान करने वाला मामला लुधियाना के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके से सामने आया है। यहां पुलिस कमिश्नर (CP) दफ्तर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित पार्क प्लाजा होटल के सामने वाले पुल के नीचे से एक शातिर चोर ने दिनदहाड़े एक्टिवा स्कूटी पर हाथ साफ कर दिया। जिस समय इस वारदात को अंजाम दिया गया, उस वक्त सड़क पर भारी ट्रैफिक था और लोगों की लगातार आवाजाही हो रही थी, लेकिन इसके बावजूद चोर ने बड़ी ही सफाई से इस घटना को अंजाम देकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पलक झपकते ही कर दिया ‘खेल’
पीड़ित युवक ने जानकारी देते हुए बताया कि वह रोज की तरह अपनी काली एक्टिवा स्कूटी को पुल के नीचे सुरक्षित मानकर पार्क करके अपने काम पर गया था। लेकिन जब वह अपना काम निपटा कर वापस लौटा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि उसकी एक्टिवा वहां से गायब थी। चोरी की यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि शातिर चोर पहले स्कूटी के आसपास टहलता हुआ नजर आता है। लोगों का ध्यान भटकाने और शक से बचने के लिए वह फोन पर बात करने का नाटक करता है। दो-तीन चक्कर काटने के बाद वह एक गाड़ी का सहारा लेकर खड़ा हो जाता है और मौका मिलते ही पलक झपकते स्कूटी का लॉक तोड़कर उसे स्टार्ट कर वहां से रफूचक्कर हो जाता है।
क्या माता रानी चौक चोरी कांड से जुड़ा है इस शातिर का तार?
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके के लोगों में भारी दहशत है। पीड़ित युवक ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि फुटेज में दिख रहा यह शातिर युवक हूबहू वैसा ही लग रहा है, जिसने कुछ दिन पहले शहर के माता रानी चौक इलाके में भी चोरी की एक वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर जल्द से जल्द इस शातिर चोर को गिरफ्तार किया जाए और उसकी चोरी हुई एक्टिवा बरामद की जाए, ताकि शहर में लगातार हो रही इन वारदातों पर लगाम लग सके।

A few steps away from the Police Commissioner’s office, a notorious thief stole a scooter in broad daylight








