न्यूयॉर्क: सोशल मीडिया पर अक्सर नवजात बच्चों के अजीबोगरीब और हैरान करने वाले वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिनमें से कई एआई (AI) द्वारा बनाए गए फेक वीडियो भी होते हैं। लेकिन इस बार अमेरिका के न्यूयॉर्क से एक असली और बेहद चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां एक महिला ने 5.9 किलोग्राम (करीब 13 पाउंड) वजन वाले एक बेहद तंदुरुस्त बच्चे को जन्म दिया है। इस नवजात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और जिसने भी इसे देखा, वह हैरान रह गया।
अस्पताल के इतिहास का सबसे बड़ा बच्चा
इस अनोखे बच्चे की जानकारी ‘कायूगा हेल्थ’ (Cayuga Health) नामक फेसबुक हैंडल से साझा की गई है। अस्पताल के मुताबिक, 30 जनवरी का दिन कायूगा मेडिकल सेंटर बर्थप्लेस के लिए बेहद यादगार रहा। यहां एक परिवार ने ‘शॉन जूनियर’ नाम के बच्चे का स्वागत किया, जिसका वजन 13 पाउंड था और वह इस अस्पताल में पैदा हुआ अब तक का सबसे बड़ा बच्चा बन गया है। दिलचस्प बात यह है कि उसी दिन अस्पताल में ‘मार्गोट’ नाम की एक अन्य बच्ची का भी जन्म हुआ, जिसका वजन मात्र 4 पाउंड था। अस्पताल ने इसे एक प्यारा संयोग बताते हुए कहा कि बच्चे हर आकार और रूप में आते हैं और उनकी टीम हर तरह की अनूठी डिलीवरी के लिए पूरी तरह तैयार है।
आकार देखकर माता-पिता भी रह गए हैरान
न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे के माता-पिता टेरिका और शॉन अपने बेटे को देखकर खुद भी आश्चर्यचकित हैं। टेरिका ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें इस बात का अंदाजा तो था कि उनका बच्चा सामान्य से थोड़ा बड़ा होगा, लेकिन उन्होंने इतने विशाल आकार की बिल्कुल भी उम्मीद नहीं की थी। जब उन्होंने पहली बार अपने बेटे को देखा, तो वे पूरी तरह से हैरान रह गए।
जन्मते ही आ रहे 3 से 6 महीने के बच्चों के कपड़े
चार बच्चों की मां टेरिका ने अपने इस नए अनुभव को साझा करते हुए बताया कि उनके नवजात शिशु का आकार इतना बड़ा है कि उसे पहले दिन से ही तीन से छह महीने के बच्चों वाले कपड़े और डायपर पहनाने पड़ रहे हैं। नवजात के लिए लाए गए छोटे कपड़े उसके किसी काम नहीं आए। टेरिका ने मजाकिया अंदाज में कहा कि ऐसा महसूस हो रहा है जैसे वह नवजात की नहीं, बल्कि सीधे किसी तीन महीने के बच्चे की मां बन गई हैं। इस अनोखे बच्चे की कहानी इंटरनेट पर लोगों का खूब ध्यान खींच रही है।

Woman gives birth to a 5.9 kg baby, parents stunned by its size; photo goes viral








