लुधियाना: अगर आप भी सड़क किनारे या दुकानों पर नॉनवेज मोमोज, बिरयानी या मीट खाने के शौकीन हैं, तो जरा सावधान हो जाइए। पंजाब के लुधियाना से एक बेहद चौंकाने वाला और घिनौना मामला सामने आया है। यहां के डाबा इलाके के ढिल्लो नगर में एक खाली प्लॉट से करीब 15 कुत्तों की खालें और दांत बरामद हुए हैं। इस खौफनाक खुलासे के बाद डॉग लवर्स और स्थानीय लोगों को गहरी आशंका है कि इलाके में कुत्तों को मारकर उनका मीट शहर में बिकने वाले फास्ट फूड और अन्य मांसाहारी व्यंजनों में मिलाया जा रहा है।
पालतू कुत्ते की तलाश में हुआ खौफनाक खुलासा
इस पूरे मामले का पर्दाफाश तब हुआ जब इलाके के एक परिवार का पालतू कुत्ता अचानक गायब हो गया। एक फरवरी को कुत्ते की तलाश करते हुए जब लोग ढिल्लो नगर के एक खाली प्लॉट में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। वहां एक या दो नहीं, बल्कि करीब 15 कुत्तों के कटे हुए अंग, दांत और खालें बिखरी पड़ी थीं। घटना की सूचना तुरंत ‘साइलेंट फ्यूरो एसोसिएशन’ एनजीओ की सदस्या और डॉग लवर कविता शर्मा को दी गई। मौके पर पहुंचकर जब उन्होंने मुआयना किया, तो पाया कि वहां पड़ी ज्यादातर खालें पालतू कुत्तों की ही लग रही थीं। इसके बाद इलाके के कई अन्य परिवारों ने भी अपने पालतू कुत्तों के रहस्यमयी तरीके से गायब होने की बात कही।
पुलिस ने की आनाकानी, मेनका गांधी के दखल पर केस दर्ज
इतनी बड़ी और खौफनाक घटना सामने आने के बाद जब कविता शर्मा ने पुलिस से शिकायत की, तो शुरुआत में पुलिस का रवैया बेहद ढीला रहा। पुलिस के आनाकानी करने और कोई ठोस कार्रवाई न करने पर एनजीओ ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और पशु अधिकार कार्यकर्ता मेनका गांधी से संपर्क साधा। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेनका गांधी के दफ्तर से सीधे पुलिस अधिकारियों से बात की गई। इस उच्च स्तरीय हस्तक्षेप के बाद आखिरकार लुधियाना पुलिस हरकत में आई और डाबा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
आवारा की जगह पालतू कुत्तों को बनाया जा रहा निशाना
इस घिनौने काम को अंजाम देने वालों का तरीका भी बेहद शातिर है। कविता शर्मा के मुताबिक, ये लोग स्ट्रीट डॉग्स के बजाय पालतू कुत्तों को अपना शिकार बनाते हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि गली के आवारा कुत्तों की मौजूदगी पर पूरे मोहल्ले की नजर होती है और उनके गायब होने पर लोग एक-दूसरे से पूछताछ शुरू कर देते हैं। इसके अलावा स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ना भी मुश्किल होता है। मोहाली जैसे शहरों में पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। मामले के जांच अधिकारी हरचरणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश तेज कर दी है। खाली प्लॉट तक ये खालें और अंग कैसे पहुंचे, इसका पता लगाने के लिए इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की जा रही है।

Is dog meat being served in momos and biryani? The discovery of 15 dog skins in Ludhiana sparked a stir




