You are currently viewing पंजाब में रिश्तों का कत्ल, पति के खास दोस्त ने ‘भाई’ बनकर जीता भरोसा, फिर नशा पिलाकर महिला से किया दुष्कर्म

पंजाब में रिश्तों का कत्ल, पति के खास दोस्त ने ‘भाई’ बनकर जीता भरोसा, फिर नशा पिलाकर महिला से किया दुष्कर्म

लुधियाना: लुधियाना के सिविल लाइंस इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने ही पति के बेहद करीबी दोस्त पर नशीला पदार्थ पिलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और बाद में पीछा कर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।

मदद के बहाने घर में बनाई पैठ

पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के मुताबिक, उसका पति हनी कुमार कुछ समय पहले उसे और दो बच्चों को छोड़कर दुबई चला गया था। पति के जाने के बाद घर की आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई थी। इसी मजबूरी का फायदा उठाते हुए पति के खास दोस्त गगनदीप ने मददगार बनकर परिवार का भरोसा जीत लिया। गगनदीप अक्सर उनके घर आता-जाता था और खुद को महिला का भाई बताते हुए उसने कई बार घर का राशन और खर्चा भी उठाया।

कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर पार की सारी हदें

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह खौफनाक वारदात 25-26 मई 2025 की रात की है। आरोपी गगनदीप रात करीब 11 बजे पीड़िता के घर पहुंचा और यह बहाना बनाया कि उसका किसी से झगड़ा हो गया है और पुलिस उसे ढूंढ रही है। वह अपने साथ कोल्ड ड्रिंक की एक बोतल भी लाया था। पीड़िता का आरोप है कि वह ड्रिंक पीने के कुछ ही देर बाद बेसुध होने लगी। इसी नशे की हालत का फायदा उठाकर और बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

नया फोन लेते ही दोबारा शुरू की छेड़छाड़

इस खौफनाक घटना के बाद पीड़िता ने लोक-लाज के डर से आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया था। लेकिन कुछ महीनों बाद जब उसने नया फोन लिया, तो आरोपी का नंबर फिर से संपर्क में आ गया। आरोप है कि 19 अक्टूबर को गगनदीप ने पीड़िता के गूगल पे पर 1000 रुपये भेजे और दोबारा मिलने का दबाव बनाने लगा। हाल ही में जब आरोपी ने पीड़िता का पीछा किया और अश्लील इशारे किए, तो परेशान होकर महिला ने पुलिस की शरण ली और पूरी आपबीती बताई।

ACP की जांच रिपोर्ट के बाद मुकदमा दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के आदेश पर एसीपी सिविल लाइंस ने इस पूरे प्रकरण की गहनता से पड़ताल की। जांच रिपोर्ट में लगाए गए सभी आरोपों की प्राथमिक पुष्टि होने के बाद आरोपी गगनदीप के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस सरगर्मी से आरोपी की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

A murder of relationships in Punjab: A close friend of the husband pretended to be a ‘brother’