You are currently viewing कैलिफोर्निया के गुरुद्वारे से पंजाब के रहने वाले अवतार सिंह का अपहरण, CCTV में कैद हुए तीन संदिग्ध; गुरुद्वारा परिसर में रसोइए के रूप में करते थे सेवा

कैलिफोर्निया के गुरुद्वारे से पंजाब के रहने वाले अवतार सिंह का अपहरण, CCTV में कैद हुए तीन संदिग्ध; गुरुद्वारा परिसर में रसोइए के रूप में करते थे सेवा

लुधियाना: अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित ट्रेसी सिटी के एक गुरुद्वारा परिसर से भारतीय मूल के सिख व्यक्ति के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अगवा किए गए व्यक्ति की पहचान 57 वर्षीय अवतार सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं। उनका परिवार पिछले कई वर्षों से कैलिफोर्निया में ही बस गया है। अवतार सिंह लंबे समय से ट्रेसी स्थित गुरुद्वारा साहिब में रसोइए के रूप में निस्वार्थ सेवा दे रहे थे और गुरुद्वारा परिसर के भीतर ही रहते थे।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

इस घटना के बाद परिवार ने स्थानीय पुलिस, सैन जोआक्विन काउंटी शेरिफ ऑफिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस के अनुसार, 17 फरवरी की रात करीब 8:52 बजे उन्हें ट्रेसी के डब्ल्यू ग्रांट लाइन रोड के 16000 ब्लॉक से लापता होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक अहम सीसीटीवी फुटेज लगी है, जिसमें दोपहर करीब 2:30 बजे गहरे रंग के कपड़े पहने तीन अज्ञात लोग अवतार सिंह को जबरन एक सफेद रंग की एसयूवी कार में बैठाते और वहां से ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने अवतार सिंह और संदिग्ध कार की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर आम जनता से मदद मांगी है।

तीन महीने पहले ही पिता बने थे अवतार सिंह

स्थानीय पुलिस फिलहाल इस मामले को गुमशुदगी के साथ-साथ अपहरण के एंगल से भी जांच रही है और फुटेज के आधार पर किडनैपरों की पहचान करने में जुटी है। अब तक अवतार सिंह का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस बीच, सोशल मीडिया पर लोग उनकी सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रार्थना कर रहे हैं। पुलिस की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लोग गुरुद्वारे में उनकी सेवाओं की खूब प्रशंसा कर रहे हैं। वहीं, कुछ करीबियों ने यह भी बताया कि अवतार सिंह महज तीन महीने पहले ही एक साथ तीन बच्चों के पिता बने थे, जिसके चलते परिवार गहरे सदमे में है।

Avtar Singh, a resident of Punjab, was kidnapped from a gurdwara in California; three suspects were captured