लुधियाना: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने राज्य के एसोसिएटेड स्कूलों को बड़ी राहत देते हुए शैक्षणिक सत्र 2025-2026 के लिए कंटिन्यूएशन परफॉर्मा जारी कर दिया है। इसके साथ ही बोर्ड ने परफॉर्मा भरने की अंतिम तिथि 13 फरवरी 2026 से बढ़ाकर 27 फरवरी 2026 घोषित कर दी है। एक साल के लंबे इंतजार के बाद परफॉर्मा जारी होने से स्कूल प्रबंधकों ने राहत की सांस ली है, लेकिन फीस में किए गए भारी इजाफे ने उनकी चिंताएं भी बढ़ा दी हैं।
जत्थेबंदियों के भारी दबाव के बाद जारी हुआ परफॉर्मा
गौरतलब है कि एसोसिएटेड स्कूलों का यह परफॉर्मा पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा एक साल का समय बीत जाने के बाद जारी किया गया है। इसे लेकर एसोसिएटेड स्कूल जत्थेबंदियों (संगठनों) की ओर से लगातार कड़ा संघर्ष किया जा रहा था। स्कूल प्रबंधकों की पुरजोर कोशिशों और लगातार उठ रही मांगों को देखते हुए आखिरकार बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र खत्म होने के बाद इस परफॉर्मा को ऑनलाइन भरने के लिए पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया है। इस फैसले से स्कूलों के भविष्य पर लटकी अनिश्चितता फिलहाल खत्म हो गई है।
राहत के बीच फीस वृद्धि और जीएसटी का डबल अटैक
बोर्ड द्वारा कंटिन्यूएशन परफॉर्मा जारी किए जाने से एसोसिएटेड स्कूलों में जहां एक तरफ खुशी का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ फीस में की गई भारी बढ़ोतरी से स्कूल प्रबंधकों में गहरी निराशा भी है। दरअसल, पहले कंटिन्यूएशन परफॉर्मा भरने की फीस मात्र 10,000 रुपये हुआ करती थी, जिसे अब बोर्ड ने बढ़ाकर 15,000 रुपये कर दिया है। स्कूल प्रबंधकों के लिए परेशानी की बात सिर्फ यही नहीं है, बल्कि अब उन्हें इस 15,000 रुपये की फीस के ऊपर 18 प्रतिशत की दर से जीएसटी (GST) का भुगतान भी करना होगा। इस फैसले से स्कूल संचालकों पर अचानक बड़ा आर्थिक बोझ आ गया है।

PSEB gives big relief to associated schools, announces extension in the date for filling performa




