You are currently viewing पंजाबी सिंगर पर जानलेवा हमला, बीच सड़क 5 युवकों ने घेरा, तेजधार हथियारों से सिर की हड्डी के किए दो टुकड़े; आंख आ गई बाहर- हालत बेहद नाजुक

पंजाबी सिंगर पर जानलेवा हमला, बीच सड़क 5 युवकों ने घेरा, तेजधार हथियारों से सिर की हड्डी के किए दो टुकड़े; आंख आ गई बाहर- हालत बेहद नाजुक

लुधियाना: महानगर के अंबेडकर नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां पंजाबी सिंगर अमन सहोता पर 4 से 5 अज्ञात युवकों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने सिंगर को बुरी तरह पीटा और लहूलुहान कर फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में अमन को लोगों ने तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को बेहद नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद देर रात पीजीआई (PGI) चंडीगढ़ रेफर कर दिया है।

सिर की हड्डी टूटी, आंख बाहर आने की आशंका

अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों के मुताबिक, हमला बेहद खतरनाक तरीके से किया गया है। डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि सिर पर हुए गहरे वार के कारण अमन के सिर की हड्डी के दो टुकड़े हो गए हैं। चोट की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी आंख तक बाहर आ गई है। हालांकि, चोट कितनी गहरी है और कितना नुकसान हुआ है, यह सीटी स्कैन और अन्य जांचों के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। घायल अमन लुधियाना के दुगरी स्थित हिम्मत नगर के रहने वाले हैं और अक्सर स्टेज शो में परफॉर्म करते हैं।

काम से गए थे अंबेडकर नगर, तभी हुआ हमला

घायल सिंगर के दोस्त अर्श कुमार ने बताया कि अमन किसी निजी काम के सिलसिले में अंबेडकर नगर गए थे। उसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और उन पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के पीछे का कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है। घटना के तुरंत बाद पहचान वाले दोस्तों ने उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाया। अमन के परिवार को सूचना दे दी गई है। पुलिस को भी मामले की जानकारी दी जा रही है, जिसके बाद पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू करेगी।

Punjabi singer attacked in the middle of the road by five youths, who hacked his skull into two pieces with sharp weapons