लुधियाना: औद्योगिक नगरी लुधियाना के मिलरगंज इलाके से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 27 वर्षीय पड़ोसी दुकानदार ने पड़ोस में ही खेलने वाले 7 साल के एक मासूम बच्चे को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी बच्चे को डरा-धमका कर पास ही स्थित एक बैंक के ऊपर बने कमरे में ले जाता था और वहां उसके साथ कुकर्म करता था। बच्चे के गुमसुम रहने पर जब परिजनों ने प्यार से पूछताछ की तो इस घिनौनी करतूत का खुलासा हुआ। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
नानी की दुकान पर जाता था बच्चा
पीड़ित बच्चे की मां काजल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उनके पति रोजाना काम पर चले जाते हैं। घर पर देखभाल के लिए कोई न होने के कारण उनका 7 साल का बेटा स्कूल की छुट्टी के बाद अपनी नानी पूनम की चाय की दुकान पर चला जाता था। नानी की दुकान विश्वकर्मा चौक के पास पंजाब नेशनल बैंक वाली स्लिप रोड पर स्थित है। इसी जगह के पास आरोपी सुनील कुमार भी अपनी दुकान लगाता था। आरोपी की नजर अक्सर वहां खेलने वाले बच्चों पर रहती थी।
शरारत का बहाना बनाकर ले जाता था ऊपर
परिजनों के अनुसार, घटना का पता 5 फरवरी को चला। जब वे बच्चे को दुकान से घर ले गए तो वह काफी डरा-सहमा और गुमसुम था। मां ने जब उसे विश्वास में लेकर पूछा तो बच्चे ने रोते हुए सारी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्चे ने बताया कि आरोपी सुनील अक्सर बच्चों के बीच आता था और उसे कहता था कि ‘तू बहुत शरारत करता है, चल तुझे ऊपर कमरे में बंद करके आता हूं।’ इसी बहाने वह बच्चे को जबरन पास ही स्थित यस बैंक के ऊपर बने एक कमरे में ले जाता था। वहां आरोपी बच्चे के कपड़े उतारकर उसके साथ गलत काम करता था।
छत से फेंकने की देता था धमकी
हवस का शिकार बनाने के बाद आरोपी मासूम को जान से मारने की धमकियां देता था। वह बच्चे से कहता था कि अगर उसने घर पर किसी को इस बारे में बताया तो वह उसे जान से मार देगा या छत से नीचे फेंक देगा। इसी डर के कारण बच्चा चुपचाप सब कुछ सहता रहा।
पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज, जांच शुरू
मामले की जांच कर रहे एएसआई बलबीर सिंह ने बताया कि पीड़ित बच्चे की माता के बयानों के आधार पर आरोपी सुनील कुमार के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी पर पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।

In Punjab, a 7-year-old boy was sexually assaulted by a neighboring shopkeeper




