लुधियाना: लुधियाना शहर में कानून व्यवस्था को धता बताते हुए एक्टिवा सवार तीन बदमाशों ने पुलिस की नाक में दम कर रखा है। शहर के डिवीजन नंबर-4, थाना दरेसी, डिवीजन नंबर-3 और बस्ती जोधेवाल थाना क्षेत्रों में इन बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। ये लुटेरे कभी एक्टिवा तो कभी बाइक पर सवार होकर आते हैं और स्नेचिंग व लूट की वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। इन बदमाशों के निशाने पर खासतौर पर वे लोग हैं जो सुबह-सुबह सैर करने निकलते हैं या मंदिर दर्शन के लिए जाते हैं।
सुबह 5:34 बजे मंदिर जा रहे बुजुर्ग को घेरा
बदमाशों की बेखौफ करतूत का ताजा मामला पुरानी माधोपुरी स्थित प्राचीन संगला वाला शिवाला मंदिर रोड पर देखने को मिला। घटना सुबह करीब 5:34 बजे की है, जब एक बुजुर्ग अपनी एक्टिवा पर सवार होकर मंदिर जा रहे थे। तभी इन तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पहले अपनी एक्टिवा बुजुर्ग की गाड़ी के आगे लगाकर रास्ता रोका, फिर दो बदमाश नीचे उतरे और धारदार हथियार दिखाकर बुजुर्ग की एक्टिवा की चाबी निकाल ली। हथियारों के डर से बुजुर्ग ने खुद ही अपनी जेब से सारी नकदी निकालकर दे दी, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
विरोध करने पर कारोबारी के सिर पर मारी रॉड
बदमाशों का खौफ इतना ज्यादा है कि पीड़ित अब पुलिस के सामने आने से भी डर रहे हैं। नाम न बताने की शर्त पर एक हौजरी कारोबारी ने बताया कि मंगलवार को सुंदर नगर पुली घाटी मोहल्ला के पास बदमाशों ने उसे घेर लिया था। उनकी जेब में 10 हजार रुपये थे। जब उन्होंने लूट का विरोध किया तो एक बदमाश ने उनके सिर पर लोहे की रॉड मार दी। चोट इतनी गहरी थी कि वह बेहोश हो गए और आरोपी पैसे लेकर रफूचक्कर हो गए। कारोबारी ने यह भी बताया कि दो दिन पहले गौशाला रोड पर एक हलवाई के वर्कर और घंटाघर के नीचे भटूरे-चने की रेहड़ी लगाने वाले व्यक्ति से भी इन्हीं बदमाशों ने लूटपाट की है।
दहशत में लोग, पुलिस ने बनाईं स्पेशल टीमें
लगातार हो रही इन वारदातों से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अब सुबह की सैर या देर रात घर से बाहर निकलने में भी डरने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त के दावों के बावजूद बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बदमाशों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को ट्रैप लगाकर गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें।

An Activa gang is wreaking havoc in Punjab, robbing people out for their morning walks at gunpoint




