You are currently viewing पंजाब में पुलिस कॉन्स्टेबल की संदिग्ध हालत में मौत, गर्दन पर लगी गोली, पिता की जगह मिली थी नौकरी; लग्जरी कार शोरूम की सुरक्षा में था तैनात

पंजाब में पुलिस कॉन्स्टेबल की संदिग्ध हालत में मौत, गर्दन पर लगी गोली, पिता की जगह मिली थी नौकरी; लग्जरी कार शोरूम की सुरक्षा में था तैनात

लुधियाना: लुधियाना जिले के कस्बा मुल्लापुर में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक युवा पुलिस कॉन्स्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अनोज मसीह के रूप में हुई है, जो गुरदासपुर जिले के गांव लक्खा कलां का रहने वाला था। घटना के वक्त वह एक लग्जरी कार शोरूम के बाहर सुरक्षा में तैनात था। अनोज को गर्दन के पास गोली लगी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना भेज दिया है और मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।

पानी लेने गया था साथी, पीछे से चल गई गोली

घटना आज सुबह करीब 5 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, अनोज मसीह अपने एक अन्य साथी सुरक्षाकर्मी के साथ शोरूम के बाहर कार में बैठा हुआ था। इसी दौरान अनोज ने अपने साथी को पीने का पानी लाने के लिए भेजा। साथी के जाने के कुछ ही देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब साथी पानी लेकर वापस लौटा, तो उसने देखा कि अनोज मसीह खून से लथपथ कार की सीट पर औंधे मुंह गिरा हुआ था। आनन-फानन में घटना की सूचना बटालियन, थाना दाखा और पुलिस हेडक्वार्टर को दी गई। मौके पर पहुंची दाखा पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया।

गैंगस्टर की धमकी के बाद शोरूम पर लगी थी सुरक्षा

मृतक कॉन्स्टेबल की ड्यूटी मुल्लापुर स्थित RAC लग्जरी कारों के शोरूम पर लगाई गई थी। दरअसल, कुछ समय पहले शोरूम के मालिक को एक गैंगस्टर द्वारा रंगदारी (फिरौती) की धमकी मिली थी। इस धमकी को गंभीरता से लेते हुए लुधियाना ग्रामीण पुलिस ने 16 जनवरी को शोरूम मालिक की सुरक्षा के लिए चार सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए थे। इनमें से दो सुरक्षाकर्मी मालिक के घर पर और दो शोरूम पर तैनात किए गए थे। अनोज मसीह भी उन्हीं सुरक्षाकर्मियों में से एक था जो शोरूम की सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहा था।

पिता के निधन के बाद मिली थी तरस के आधार पर नौकरी

अनोज मसीह के परिवार के लिए यह खबर किसी पहाड़ टूटने जैसी है। बताया जा रहा है कि अनोज को यह नौकरी अपने पिता के निधन के बाद तरस (अनुकंपा) के आधार पर मिली थी। कम उम्र में ही पुलिस की वर्दी पहनने वाले अनोज की इस तरह अचानक मौत से पुलिस विभाग और उसके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, खुद के हथियार से गोली चलने का शक

घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कार और आसपास से जरूरी सैंपल एकत्र किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में ऐसा संदेह जताया जा रहा है कि गोली अनोज के ही हथियार से चली है, हालांकि यह हादसा था या आत्महत्या, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी किसी अधिकारी ने नहीं की है। इस संबंध में मुल्लापुर के डीएसपी वरिंदरजीत सिंह खोसा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आज शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।

A police constable in Punjab died under suspicious circumstances, with a gunshot wound to his neck