लुधियाना: लुधियाना के सुंदर नगर इलाके में रविवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब घाटी मोहल्ले में खड़े एक सीएनजी ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक में लगा सीएनजी सिलेंडर एक जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज दूर तक सुनी गई और पूरा इलाका दहल उठा। धमाके की आवाज सुनकर लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
सैर पर निकले लोगों ने देखीं लपटें, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय निवासी प्रकाश ने बताया कि सुबह के समय जब उनका परिवार सैर के लिए निकला था, तभी उन्होंने सड़क किनारे खड़े ट्रक से लपटें उठती देखीं। ट्रक में गद्दे बनाने वाली फोम लदी हुई थी, जिसने आग को तेजी से भड़का दिया। राहत की बात यह रही कि आग लगते ही ड्राइवर ने समझदारी दिखाई और समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। अगर थोड़ी भी देर होती तो फोम और सिलेंडर के कारण कोई भी अनहोनी हो सकती थी। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया। सुंदर नगर फायर स्टेशन के कर्मचारी रविंदरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 6:14 बजे कंट्रोल रूम पर कॉल मिली थी कि फोम से भरे एक ट्रक में आग लग गई है। सूचना मिलते ही तुरंत एक फायर टेंडर मौके पर रवाना किया गया। आग की भयावहता और फोम जैसी ज्वलनशील सामग्री को देखते हुए दूसरी फायर यूनिट को भी मौके पर बुलाना पड़ा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोका।
बिजली की लटकती तारों और कॉमर्शियल वाहनों से लोग परेशान
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस पर फूट पड़ा। लोगों ने प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं। रहवासियों का कहना है कि इलाके में बिजली की तारें बहुत नीचे लटकी हुई हैं, जिससे कभी भी करंट फैलने या आग लगने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा, रिहायशी इलाका होने के बावजूद यहां रोजाना बड़ी संख्या में कॉमर्शियल वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार ट्रैफिक पुलिस को शिकायत दी है कि तंग गलियों में भारी वाहनों का प्रवेश रोका जाए, लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं होती। आज हुए हादसे ने लोगों की चिंताओं को सच साबित कर दिया है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

A massive fire broke out in a truck loaded with foam in Sundar Nagar, Ludhiana; a CNG cylinder exploded




