You are currently viewing पंजाब पुलिस को बड़ा चकमा: हथकड़ी से हाथ निकालकर चलती जीप से कूदा हवालाती; अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

पंजाब पुलिस को बड़ा चकमा: हथकड़ी से हाथ निकालकर चलती जीप से कूदा हवालाती; अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

लुधियाना: लुधियाना में पुलिस हिरासत से आरोपियों के भागने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कभी कोर्ट में पेशी के दौरान तो कभी सिविल अस्पताल में मेडिकल जांच के वक्त कैदियों के फरार होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता हुआ एक और ताजा मामला अब जेएमडी (JMD) मॉल के सामने से आया है, जहां एक हवालाती फिल्मी स्टाइल में पुलिस की चलती गाड़ी से कूदकर फरार हो गया।

हथकड़ी से हाथ निकाला और लगा दी छलांग

घटना उस वक्त हुई जब पुलिस टीम आरोपियों को कोर्ट से रिमांड पर लेकर वापस लौट रही थी। आरोपी की पहचान विक्की राज के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस की गाड़ी जब जगराओं पुल के पास जेएमडी मॉल के सामने पहुंची, तो विक्की राज ने बड़ी चालाकी से हथकड़ी से अपना हाथ निकाल लिया। इससे पहले कि पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, उसने चलती गाड़ी का दरवाजा खोला और सड़क पर छलांग लगा दी। सब-इंस्पेक्टर गुरदेव सिंह और होमगार्ड करम सिंह ने तुरंत गाड़ी रोककर उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर पुलिस की आंखों से ओझल होने में कामयाब रहा।

कोर्ट से एक दिन का रिमांड लेकर लौट रही थी पुलिस

सब-इंस्पेक्टर गुरदेव सिंह और होमगार्ड करम सिंह सरकारी गाड़ी में तीन आरोपियों- जमीपाल, विक्की राज और जगदीप सिंह को लेकर जा रहे थे। इन तीनों को जज प्रभजोत भट्टी (JMIC) की अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा था। पुलिस टीम इन्हीं आरोपियों को लेकर वापस थाने लौट रही थी कि रास्ते में यह वारदात हो गई। फरार आरोपी विक्की राज और उसके साथी मुकदमा नंबर 09/2026 में नामजद हैं।

पुलिस ने दर्ज किया नया मामला

हैरानी की बात यह है कि एसआई गुरदेव सिंह और पीएचजी करम सिंह ने आरोपियों को हथकड़ी लगाकर पिछली सीट पर बैठाया था, फिर भी आरोपी भागने में सफल रहा। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस ने फरार आरोपी विक्की राज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

Major embarrassment for Punjab Police: An undertrial prisoner slipped out of his handcuffs, jumped from a moving jeep