लुधियाना: लुधियाना के गांव तलवाड़ा के पास एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक एमबीए (MBA) छात्र की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बीती रात खून से लथपथ हालत में सड़क पर मिले युवक को राहगीरों और पुलिस की मदद से डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिवार ने हत्या का आरोप उसके ही एक दोस्त पर लगाया है, जो घटना के बाद से फरार है। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
कारोबारी परिवार का इकलौता चिराग बुझा
मृतक की पहचान 25 वर्षीय राजवीर सिंह खैरा के रूप में हुई है, जो गांव थरीके के जगजीत नगर का रहने वाला था। राजवीर एक प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से संबंध रखता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उनके परिवार की मोगा में पहले ‘इंडिया मोटर्स’ नाम से ऑटो एजेंसी थी। राजवीर अभी एमबीए की पढ़ाई कर रहा था और उसका पूरा भविष्य उसके सामने था, लेकिन एक खूनी वारदात ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।
घर से बुलाकर ले गया था दोस्त
परिजनों के मुताबिक, गुरुवार देर शाम राजवीर का एक दोस्त उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। घर से निकलते वक्त राजवीर ने अपने परिवार को बताया था कि वह दोस्त के साथ बाहर जा रहा है, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि वह अब कभी लौटकर नहीं आएगा। देर रात जब उसके गोली लगने की खबर मिली तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में सीधे तौर पर राजवीर के दोस्त जुगराज सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है।
पेट में लगी थी गोली, आरोपी फरार
पीएयू (PAU) पुलिस स्टेशन के एसएचओ विजय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव तलवाड़ा के लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक युवक सड़क पर खून से लथपथ पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक के पेट में गोली मारी गई थी। उसे तुरंत डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जख्म गहरे होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने परिवार के बयान के आधार पर राजवीर के दोस्त जुगराज सिंह, निवासी गांव पमाल, के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। एसएचओ ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जो आज किया जाएगा। फिलहाल आरोपी जुगराज फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। हत्या के पीछे की असल वजह क्या थी, इसका खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा।

Punjab: Was it a betrayal by a friend? An MBA student was shot dead after being called out of his house




