You are currently viewing पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई: KCF के आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़, लुधियाना से दो गिरफ्तार; इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप से हो रही थी युवाओं की भर्ती

पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई: KCF के आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़, लुधियाना से दो गिरफ्तार; इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप से हो रही थी युवाओं की भर्ती

लुधियाना: पंजाब पुलिस ने खालिस्तान कमांडो फोर्स (KCF) के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) मोहाली और काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना ने एक संयुक्त अभियान चलाते हुए लुधियाना से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हैबोवाल कलां के रहने वाले करनबीर सिंह (34) और न्यू शिमलापुरी निवासी अवतार सिंह (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक 9 एमएम की पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

विदेश में बैठे आतंकियों से जुड़े थे तार

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि 7 जनवरी को गिरफ्तार किए गए ये दोनों आरोपी पाकिस्तान और यूके में बैठे मास्टमाइंड्स के सीधे संपर्क में थे। जांच में यह बात सामने आई है कि इनका लिंक पाकिस्तान में बैठे आतंकी रिंदा और यूके में छिपे आतंकी कुलवंत सिंह उर्फ कांता (मान सिंह) के साथ जुड़ा हुआ था।

आरोपियों ने जर्मनी और यूके में मौजूद KCF हैंडलर्स के निर्देशों पर लुधियाना में कई सरकारी और प्रमुख संस्थानों की रेकी भी की थी। पुलिस के मुताबिक, ये दोनों किसी ‘टारगेट किलिंग’ की बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।

इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए ब्रेनवॉश

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा आतंकियों द्वारा अपनाए जा रहे भर्ती के तरीके को लेकर हुआ है। जांच में पता चला है कि पाकिस्तान और यूके में बैठा मास्टरमाइंड कुलदीप सिंह इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं को फंसाकर आतंकी नेटवर्क फैला रहा है। विदेश में बैठे हैंडलर इंस्टाग्राम पर कट्टरपंथी कंटेंट पोस्ट करते थे, जिसे अवतार और करनबीर जैसे युवा देखते थे। इसके बाद उन्हें वॉट्सऐप ग्रुप्स में जोड़ लिया जाता था।

जर्मनी स्थित KCF हैंडलर ने ऐसे कई वॉट्सऐप ग्रुप बना रखे हैं, जिनमें सैकड़ों युवाओं को जोड़ा गया है। इन ग्रुप्स में पिछले करीब 5 महीनों से लगातार भड़काऊ सामग्री भेजकर युवाओं का ब्रेनवॉश किया जा रहा था और उन्हें कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित किया जा रहा था।

हरियाणा से भी एक गिरफ्तारी, फंडिंग की जांच जारी

पुलिस ने खुलासा किया है कि ऐसे और भी कई वॉट्सऐप ग्रुप सक्रिय हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवा जुड़े हुए हैं। अब सुरक्षा एजेंसियां इन सभी को ट्रैक कर इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई कर रही हैं। इसी कड़ी में पुलिस ने हरियाणा से भी एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल आरोपियों को फंडिंग मिलने के प्रत्यक्ष सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि KCF हैंडलर्स ने उन्हें पैसों का लालच दिया होगा। फंडिंग के एंगल से जांच जारी है। इस मामले में थाना SSOC एसएएस नगर में बीएनएस (BNS) की धारा 113(5) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Punjab Police’s major operation: KCF terrorist network busted, two arrested from Ludhiana