लुधियाना: लुधियाना में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और अब वे बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला मोचपुरा बाजार के गोकुल रोड इलाके का है, जहां एक शातिर चोर ने दिन-रात की मेहनत की कमाई, टाटा इंट्रा (छोटा हाथी) को महज कुछ ही पलों में चुरा लिया। हैरानी की बात यह है कि चोर ने गाड़ी का लॉक खोलने में सिर्फ 5 सेकंड का समय लिया और गाड़ी लेकर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।
रात को खड़ी की थी गाड़ी, सुबह मिली गायब
जनता नगर के रहने वाले वाहन मालिक अजीत कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनकी सफेद रंग की टाटा इंट्रा वी-30 गाड़ी (नंबर PB04AE-8746) है, जिसे उनका ड्राइवर आशु कुमार चलाता है। घटना वाली रात यानी 16 जनवरी को ड्राइवर ने रोजाना की तरह काम खत्म करने के बाद गाड़ी को गोकुल रोड स्थित लायलपुर स्वीट्स के पास सुरक्षित खड़ा किया था और लॉक लगाकर चला गया था। जब अगली सुबह 17 जनवरी को ड्राइवर गाड़ी लेने पहुंचा, तो वहां गाड़ी नदारद थी। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी जब गाड़ी का कुछ पता नहीं चला, तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

लाल मफलर और संतरी ट्रैक सूट में दिखा चोर
पुलिस ने जब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो चोरी का तरीका देखकर सब दंग रह गए। फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति दिखाई दिया, जिसने संतरी रंग का ट्रैक सूट और गले में लाल रंग का मफलर पहना हुआ था। वह पहले गाड़ी के इर्द-गिर्द चक्कर लगाता है और मौका मुआयना करता है। जैसे ही उसे मौका मिलता है, वह बेहद सफाई से महज 5 सेकंड के अंदर गाड़ी का लॉक खोल लेता है और उसे स्टार्ट करके रफूचक्कर हो जाता है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी
थाना नंबर 1 की पुलिस ने अजीत कुमार के बयानों के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई गाड़ी बरामद कर ली जाएगी।

thieves-are-becoming-increasingly-audacious-in-punjab-they-stole-a-mini-truck-in-the-blink-of-an-eye-breaking-the-lock-in-just-5-seconds




