You are currently viewing पंजाब पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़, SHO के सीने में लगी गोली; बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान

पंजाब पुलिस और बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़, SHO के सीने में लगी गोली; बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान

खन्ना/लुधियाना: लुधियाना जिले के खन्ना स्थित दोराहा में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस और बदमाशों के बीच सीधी गोलीबारी शुरू हो गई। इस भीषण मुठभेड़ में दोराहा थाना के एसएचओ (SHO) आकाश दत्त बाल-बाल बच गए। बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला करते हुए सीधे एसएचओ की छाती को निशाना बनाकर गोली दागी, लेकिन गनीमत रही कि उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिसने उनकी जान बचा ली। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी की टांग में गोली लगी है, जिसके बाद पुलिस ने उसे और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश में की फायरिंग

खन्ना के एसपी पवनजीत चौधरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ‘इरादा-ए-कत्ल’ (हत्या के प्रयास) के मामले में वांछित अपराधी हरसिमरन सिंह मंड इलाके में मौजूद है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर नाका लगाया हुआ था। तभी एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार हरसिमरन और उसका साथी एवनजोत सिंह भंडाल वहां पहुंचे। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोलियां पुलिस की सरकारी गाड़ी पर भी लगीं।

पुलिस ने आत्मरक्षा में चलाई गोली, दो गिरफ्तार

बदमाशों की फायरिंग के जवाब में पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान मुख्य आरोपी हरसिमरन सिंह मंड की टांग में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से हरसिमरन और उसके साथी एवनजोत को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी हरसिमरन के खिलाफ पहले भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब पकड़े गए बदमाशों से गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं थे और उनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस एनकाउंटर के बाद इलाके में पुलिस ने सुरक्षा और बढ़ा दी है।

A fierce encounter took place between Punjab Police and criminals; the SHO was shot in the chest