You are currently viewing पंजाब पुलिस और गैंगस्टर्स के बीच मुठभेड़: रोहित गोदारा गैंग के 2 शूटरों को लगी गोली, पुलिसकर्मी की पगड़ी ने बचाई जान; 1 गिरफ्तार

पंजाब पुलिस और गैंगस्टर्स के बीच मुठभेड़: रोहित गोदारा गैंग के 2 शूटरों को लगी गोली, पुलिसकर्मी की पगड़ी ने बचाई जान; 1 गिरफ्तार

लुधियाना: लुधियाना में सोमवार को पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग के गुर्गों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। हैबोवाल इलाके में हुई इस क्रॉस फायरिंग में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंग के दो सदस्य गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनके तीसरे साथी को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। एनकाउंटर के दौरान एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया, क्योंकि बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली सीधे उसकी पगड़ी को छूकर निकल गई।

नाकाबंदी तोड़कर भागे और पुलिस पर खोल दी फायरिंग

एनकाउंटर का नेतृत्व कर रहे एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश इलाके में बड़ी वारदात या ठिकाना बदलने की फिराक में हैं। इसी आधार पर हैबोवाल के जस्सियां इलाके में नाकाबंदी की गई थी। दोपहर करीब सवा दो बजे बाइक सवार तीन संदिग्ध युवकों ने नाका तोड़कर भागने की कोशिश की। वायरलेस पर सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और रेलवे लाइन के पास एक और नाका लगाकर उन्हें घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी।

हवलदार की पगड़ी पर लगी गोली, 15 मिनट चली मुठभेड़

एएसआई ने बताया कि जब हवलदार हरदीप सिंह ने आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली हरदीप सिंह की पगड़ी पर लगी और वह बाल-बाल बच गए। इसके अलावा दो गोलियां पुलिस की गाड़ी पर भी लगीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आरोपी सुमित कुमार और संजू घायल हो गए। करीब 10 से 15 मिनट तक चली इस मुठभेड़ के बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने मौके से एक बिना नंबर प्लेट की बाइक और 2 अवैध पिस्टल बरामद किए हैं। बाइक के चोरी होने का भी शक है।

50 लाख की रंगदारी के लिए की थी फायरिंग

पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ये वही बदमाश हैं जिन्होंने 5 दिन पहले सिविल लाइन्स इलाके में एक कपड़ों की दुकान पर फायरिंग की थी। राजस्थान के रोहित गोदारा गैंग ने दुकानदार हिमांशु से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी और पैसे न देने पर दहशत फैलाने के लिए बंद दुकान के शटर पर 4-5 राउंड फायर किए थे। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।

घायलों की हालत गंभीर, जांच जारी

कमिश्नर ने बताया कि पकड़े गए दोनों घायल शूटरों की उम्र महज 19 साल है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस के पास पहले दिन से ही लीड थी और आज जैसे ही आरोपियों ने अपना ठिकाना बदलने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। अब पुलिस गिरफ्तार किए गए तीसरे साथी से पूछताछ कर गैंग के बाकी नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Encounter between Punjab Police and gangsters: Two shooters from the Rohit Godara gang were shot.